देवल संवाददाता, आजमगढ़। जिले के चक्रपानपुर स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं सुपर फैसिलिटी अस्पताल चक्रपानपुर के आवासीय परिसर में शनिवार की रात चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया। चोरों ने पांच सीनियर नर्सिंग अधिकारियों और एक नर्सिंग अधिकारी के आवास का ताला तोड़कर लाखों रुपये के जेवरात और नगदी पर हाथ साफ कर दिया। जानकारी के अनुसार सीनियर नर्सिंग अधिकारी सुमन सिंह को टाइप-3 ब्लॉक ई का कमरा नंबर एफ-3, सीमा सिंह को इसी ब्लॉक का कमरा नंबर एफ-6, मधु भारती को टाइप-3 के डी ब्लॉक का कमरा नंबर एस-2, हेमलता पांडेय को टाइप-3 के ई ब्लॉक का कमरा नंबर एस-4 तथा रजावती यादव को टाइप-3 के डी ब्लॉक का कमरा नंबर एफ-2 आवंटित है। वहीं नर्सिंग अधिकारी अनुपमा कुमारी को टाइप-1 के डी ब्लॉक का कमरा नंबर जी-7 आवंटित है। बताया जा रहा है कि रविवार का अवकाश होने के कारण सभी नर्सिंग स्टाफ अपने-अपने घर गए हुए थे। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने देर रात ताले तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोरों को मधु भारती, हेमलता पांडेय और अनुपमा कुमारी के आवास से कोई जेवर या नगदी नहीं मिल सकी, जबकि रजावती यादव के घर से दो बिछिया, पायल, मंगलसूत्र और अंगूठी चोरी हो गई। सबसे अधिक नुकसान सीमा सिंह के आवास से हुआ, जहां शादी की तैयारी के लिए रखे हाथ, गले और कान के आभूषण, करीब 5 हजार रुपये नगद तथा उनके सेवानिवृत्त फौजी पति जनार्दन सिंह की लाइसेंसी रिवॉल्वर भी चोर उठा ले गए। इसी तरह सुमन सिंह के आवास से भी आभूषण चोरी होने की जानकारी सामने आई है। चोरों ने परिसर के कुछ अन्य आवासों के ताले भी तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन वे सफल नहीं हो सके। रविवार सुबह घटना की जानकारी होने पर पूरे परिसर में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर जहानागंज थाना के इंस्पेक्टर अतुल कुमार मिश्र तथा आस्था जायसवाल मौके पर पहुंचे और घटना की जांच की। इसके अलावा जिले की फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड ने भी मौके पर जांच की, लेकिन फिलहाल कोई ठोस सुराग नहीं मिल पाया है। इंस्पेक्टर अतुल कुमार मिश्र ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा। परिसर में लगे एक कर्मचारी के सीसीटीवी कैमरे में चार संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिए हैं, हालांकि अभी उनकी पहचान नहीं हो सकी है। गौरतलब है कि इस मेडिकल कॉलेज में वर्ष 2009 से ओपीडी और 2011 से आईपीडी का संचालन हो रहा है, लेकिन आवासीय परिसर में पहली बार इतनी बड़ी चोरी की घटना सामने आई है। खास बात यह है कि घटनास्थल से मेडिकल कॉलेज परिसर में स्थित पुलिस चौकी की दूरी महज करीब 150 मीटर है और प्रवेश द्वार से अस्पताल परिसर तक सुरक्षा गार्ड भी तैनात रहते हैं। इसके बावजूद हुई चोरी की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस संबंध में मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. बीके राव ने बताया कि घटना की जानकारी शासन के विभागीय अधिकारियों और जिला प्रशासन को दे दी गई है। उन्होंने कहा कि यह दुखद घटना है और पुलिस जांच में हर स्तर पर सहयोग किया जाएगा।