आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। शहर कोतवाली क्षेत्र की शकर मंडी पुलिस चौकी अंतर्गत स्थित Mohammad Hasan PG College के मैदान पर आयोजित जेपीएल क्रिकेट मैच के दौरान एक खिलाड़ी की पल्सर बाइक चोरी हो जाने का मामला सामने आया है। घटना के कई दिन बीत जाने के बाद भी वाहन बरामद न होने से खिलाड़ियों और क्रिकेट प्रेमियों में आक्रोश व्याप्त है।
जानकारी के अनुसार लाइन बाजार थाना क्षेत्र के मिंयापुर मोहल्ला निवासी पंकज निषाद पुत्र लालजी निषाद जेपीएल क्रिकेट मैच खेलने के लिए कॉलेज ग्राउंड पहुंचे थे। मैच शुरू होने से पहले उन्होंने अपनी पल्सर मोटरसाइकिल मैदान के बाहर खड़ी की और टीम के साथ खेलने चले गए। इसी बीच अज्ञात चोरों ने मौका पाकर बाइक पर हाथ साफ कर दिया।
मैच समाप्त होने के बाद जब पंकज निषाद वापस लौटे तो उनकी बाइक वहां नहीं थी। पहले उन्होंने आसपास के लोगों से पूछताछ की और काफी देर तक स्वयं तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने शहर कोतवाली पहुंचकर अज्ञात चोरों के खिलाफ प्रार्थना पत्र दिया, जिस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
खिलाड़ियों का कहना है कि खेल मैदान पर सुरक्षा व्यवस्था पर्याप्त नहीं होने के कारण इस तरह की घटनाएं हो रही हैं। उनका आरोप है कि यदि नियमित गश्त और निगरानी की व्यवस्था होती तो चोरी की घटना रोकी जा सकती थी। स्थानीय क्रिकेट प्रेमियों ने भी घटना पर नाराजगी जताते हुए पुलिस से जल्द से जल्द बाइक बरामद करने और आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है।
पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। संदिग्धों की तलाश जारी है तथा जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।