आमिर, देवल ब्यूरो ,जफराबाद, जौनपुर। महाराष्ट्र के पालघर जनपद स्थित विरार विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक Rajan Naik के नेतृत्व में आई Bharatiya Janata Party की एक टीम ने जफराबाद विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों का दौरा किया। इस दौरान टीम ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों और पार्टी पदाधिकारियों से मुलाकात कर संगठन की मजबूती और क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों पर विस्तार से चर्चा की।
दौरे के क्रम में टीम ताला मझवारा गांव के सुगुरदीपुर स्थित ब्लॉक प्रमुख बंसराज सिंह के आवास पर पहुंची, जहां उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इस अवसर पर पूर्व विधायक डॉ. हरेन्द्र प्रसाद सिंह, आशुतोष सिंह, डॉ. अखिलेश सिंह, साधु सिंह, मुन्ना सिंह और शुभम सिंह सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए विधायक राजन नाईक ने कहा कि वर्ष 2017 के बाद उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में आधारभूत संरचना के क्षेत्र में तेजी से कार्य हुए हैं और गांव-गांव तक सड़कों का जाल बिछाया गया है। पहले जहां बड़ी संख्या में लोग रोजी-रोटी के लिए अन्य राज्यों की ओर पलायन करते थे, वहीं अब प्रदेश में रोजगार के अवसर बढ़ने से लोगों को स्थानीय स्तर पर काम मिल रहा है।
उन्होंने यह भी कहा कि पर्यटन को बढ़ावा देने से भी स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन हुआ है, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिली है। विधायक ने दावा किया कि जहां-जहां भाजपा की सरकारें हैं, वहां स्वास्थ्य, बिजली, पानी, सड़क और कानून व्यवस्था जैसी मूलभूत सुविधाओं में व्यापक सुधार हुआ है और जनता खुद को पहले से अधिक सुरक्षित महसूस कर रही है। साथ ही उन्होंने कहा कि प्रदेश में गुंडा-माफिया का भय काफी हद तक समाप्त हुआ है।
इस दौरान जगदीश वर्तक, अरुण म्हात्रे, राजेश म्हात्रे, जयश्री नाईक, ज्योत्सना पाटिल, संगीता म्हात्रे, शशिकांत पाठक, अजय सिंह, गोलू सिंह जमैथा, चंचल सिंह, राजकेशर सिंह और शैलेन्द्र सिंह सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।