देवल संवाददाता, अतरौलिया/आजमगढ। नेटफ्लिक्स की आगामी वेब सीरीज ‘घूसखोर पंडित’ को लेकर क्षेत्र में विरोध तेज हो गया है। सीरीज के शीर्षक को लेकर एक समुदाय विशेष की भावनाएं आहत होने का आरोप लगाते हुए स्थानीय लोगों ने प्रदर्शन किया।
सोमवार को अतरौलिया क्षेत्र के नंदना बाजार में युवा भाजपा नेता एवं पूर्व ब्लॉक प्रमुख प्रत्याशी हर्षित सिंह के नेतृत्व में लोगों ने सड़क किनारे जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने वेब सीरीज के निर्माता का पुतला भी फूंका।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वेब सीरीज का शीर्षक और कथानक एक विशेष समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला है। उनका आरोप है कि ‘पंडित’ जैसे सम्मानित शब्द के साथ ‘घूसखोर’ शब्द जोड़कर ब्राह्मण समाज की छवि को जानबूझकर धूमिल करने का प्रयास किया गया है, जो पूरी तरह आपत्तिजनक और निंदनीय है।
हर्षित सिंह ने कहा कि यह शीर्षक जातिवादी मानसिकता को दर्शाता है और समाज में वैमनस्य फैलाने का काम कर सकता है। उन्होंने मांग की कि वेब सीरीज पर तत्काल प्रतिबंध लगाया जाए और इसके लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
बताया गया कि इस मामले को लेकर लखनऊ के हजरतगंज थाना में वेब सीरीज के निर्देशक नीरज पांडे, उनकी टीम और नेटफ्लिक्स के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है। शिकायत में सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने और धार्मिक भावनाएं आहत करने के आरोप लगाए गए हैं।
प्रदर्शन के दौरान सत्यम सिंह, अमित सिंह, कुंदन सिंह, आंचल सिंह, संजीव शुक्ला, श्रेयांश सिंह, अभिषेक वर्मा, विजय सिंह, अखिलेश, सौरभ सिंह, अंकित सिंह, अभिनव, शशांक सिंह, विकास सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।