आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर जोगियापुर क्षेत्र में शिवभक्तों की आस्था और उत्साह देखते ही बन रहा था। इस अवसर पर शिव गोपाल घाट से भगवान भोलेनाथ की भव्य शिव बारात बड़े धूमधाम और श्रद्धा के साथ निकाली गई। गाजे-बाजे, ढोल-नगाड़ों और जयकारों के बीच निकली इस बारात में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और पूरा क्षेत्र “हर-हर महादेव” के उद्घोष से गूंज उठा।
शिव बारात शिव गोपाल घाट से प्रारंभ होकर नगर के विभिन्न मार्गों से होती हुई गोकुल घाट तक पहुंची। रास्ते भर श्रद्धालुओं ने बारात का स्वागत किया और भगवान शंकर के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। कई स्थानों पर श्रद्धालुओं द्वारा पुष्प वर्षा कर बारात का अभिनंदन भी किया गया। गोकुल घाट पहुंचने के बाद बारात पुनः शिव गोपाल घाट लौट आई, जहां पूजा-अर्चना के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
इस मौके पर शिव गोपाल घाट पर विशाल भंडारे का भी आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। पूरे आयोजन के दौरान भक्तिमय माहौल बना रहा और देर रात तक भजन-कीर्तन व धार्मिक कार्यक्रम चलते रहे। स्थानीय लोगों ने पूरे उत्साह के साथ आयोजन में भाग लिया और इसे क्षेत्र की धार्मिक परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में आयोजक भोला निषाद, सुदामा निषाद टिक्कू, अधिराज स्कंद, गुड्डू गिरी, राजेश बनारसी, शशि निषाद, राहुल निषाद, अमर निषाद, जोगेंदर निषाद, संदीप निषाद, बृजेश निषाद, मुकेश निषाद, चंदन, तन्ना, सूरज लल्ला, ललई निषाद, धर्मेंद्र निषाद, दीपक निषाद, बच्चा लाल निषाद, प्यारेलाल निषाद, सूरज निषाद, प्रदीप निषाद, रवि निषाद, दिलीप निषाद, गौतम निषाद, शुभम निषाद, वकील निषाद, दिनकर निषाद, सुनील निषाद, नीरज सहित कई अन्य लोगों का विशेष सहयोग रहा।
स्थानीय लोगों ने बताया कि हर वर्ष महाशिवरात्रि पर इस प्रकार की भव्य शिव बारात निकाली जाती है, जिसमें आसपास के गांवों और मोहल्लों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं। इस बार भी आयोजन पूरी श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ संपन्न हुआ, जिससे पूरे क्षेत्र में धार्मिक और सांस्कृतिक माहौल बना रहा।