देवल संवाददाता, मऊ। मुख्य विकास अधिकारी विवेक कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता में जिला अनुश्रवण समिति,जिला टास्क फोर्स और 'निपुण भारत मिशन' की मासिक समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में संपन्न हुई। बैठक के दौरान शिक्षा की गुणवत्ता, ऑपरेशन कायाकल्प और विकास योजनाओं की धरातलीय स्थिति की सघन समीक्षा की गई।बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने बेसिक शिक्षा विभाग को निर्देशित किया कि 'निपुण भारत' के लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से प्राप्त किया जाए। उन्होंने कहा कि कक्षा 1 से 3 तक के बच्चों में बुनियादी साक्षरता और संख्यात्मक ज्ञान सुनिश्चित करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।जिन विद्यालयों में 'निपुण' छात्रों का प्रतिशत कम है,वहां के एआरपी और शिक्षकों की जवाबदेही तय करने के निर्देश जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को दिए।मुख्य विकास अधिकारी ने जिला टास्क फोर्स के अधिकारियों द्वारा किए जा रहे स्कूल निरीक्षणों की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि निरीक्षण केवल "खानापूर्ति" नहीं होना चाहिए।अधिकारी स्कूल जाकर मिड-डे मील की गुणवत्ता,शिक्षकों की उपस्थिति और बच्चों के सीखने के स्तर की स्वयं जांच करें।अनुपस्थित पाए जाने वाले शिक्षकों का तत्काल वेतन रोकने और स्पष्टीकरण मांगने के निर्देश दिए। छात्रों की ऑनलाइन उपस्थिति के संबंध में विकास खंड कोपागंज एवं बड़रांव में कम उपस्थित होने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित खंड शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि छात्रों की उपस्थिति में लापरवाही न करें,जिन विद्यालयों पर ऑनलाइन उपस्थिति नहीं हो रही है वहां पर शुरू कराएं तथा जहां हो रही है वहां ठीक ढंग से करें।कस्तूरबा गांधी विद्यालय में बालिकाओं की सुरक्षा और भोजन की गुणवत्ता के लिए कड़े निर्देश दिए गए।बैठक के अंत में मुख्य विकास अधिकारी ने कहा शिक्षा और विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। हमारा लक्ष्य केवल आंकड़ों में सुधार नहीं,बल्कि धरातल पर बदलाव लाना है।बैठक में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी वी के यादव,जिला पूर्ति अधिकारी राघवेंद्र सिंह,जिला पंचायत राज अधिकारी कुमार अमरेंद्र,जिला प्रोवेशन अधिकारी डॉक्टर श्वेता त्रिपाठी,समस्त खंड शिक्षा अधिकारी,जिला समन्वयक और टास्क फोर्स के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।