देवल संवाददाता, बलिया के प्रभारी औषधि निरीक्षक रजत कुमार पाण्डेय ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रतसर स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के पास एक मेडिकल स्टोर को बंद करा दिया। यह कार्रवाई माधव मेडिकल स्टोर पर की गई, जहां निरीक्षण के दौरान प्रोपराइटर और फार्मासिस्ट अनुपस्थित पाए गए और स्टोर किसी अन्य व्यक्ति द्वारा चलाया जा रहा था।
इसी क्रम में, औषधि निरीक्षक पाण्डेय ने सुखपुरा की मधु फार्मेसी, एस.एस. मेडिकल एजेंसी, रतसर के न्यू गौरी मेडिकल स्टोर और गड़वार के न्यू दीप मेडिसिन सेंटर का भी निरीक्षण किया। इन चारों प्रतिष्ठानों में भी कई कमियां पाई गईं, जिनकी सूचना उच्चाधिकारियों को दी गई है।
इन चारों प्रतिष्ठानों को एक सप्ताह के भीतर कारण बताओ नोटिस जारी किया जाएगा। स्पष्टीकरण मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान कार्यालय लिपिक पीयूष सिंह भी मौजूद रहे।
इसके अतिरिक्त, औषधि निरीक्षक ने बलिया केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ एक बैठक भी की। बैठक में दवा व्यापारियों को दवाओं के उचित भंडारण, साफ-सफाई और मरीजों को बिक्री रसीद देने पर विशेष ध्यान देने के स्पष्ट निर्देश दिए गए। इस बैठक में एसोसिएशन के अध्यक्ष आनंद सिंह सहित कई अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।