देवल संवादाता,वाराणसी। वाराणसी जिले के दालमंडी में तीन नए भवनों को जर्जर घोषित करने के बाद उन्हें तोड़ने की कार्रवाई बुधवार दोपहर में शुरू हुई। यह भवन पहले से चिह्नित थे। संबंधित भवन स्वामियों द्वारा संपत्ति की रजिस्ट्री कराने की प्रक्रिया पूरी हो गई है।
जिला प्रशासन द्वारा दालमंडी चौड़ीकरण में रोड़ा बन रहे भवनों को चिह्नित कर उन्हें ध्वस्त करने की कार्रवाई की जा रही है। बुधवार को पुलिस, नगर निगम, राजस्व विभाग और वीडीए की टीम मौके पर पहुंची। जिन भवनों को ध्वस्त किया जाना था उनकी मुनादी कराई गई। इसके बाद दालमंडी में लंगड़ा हाफिज मस्जिद की ओर से बुलडोजर की एंट्री हुई। बुलडोजर से भवनों के बाहरी हिस्से को तोड़ने की कार्रवाई की गई। इसके बाद मजदूरों द्वारा हथौड़ा चलाया गया।
घनी आबादी वाले दालमंडी में एरियल सर्विलांस से निगरानी
दालमंडी चौड़ीकरण योजना को लेकर प्रशासन द्वारा चौक थाना क्षेत्र में एरियल सर्विलांस शुरू किया गया है। ड्रोन के माध्यम से क्षेत्र की निगरानी कर भवनों की स्थिति, अतिक्रमण और अन्य गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। एसीपी कोतवासी डॉ. अतुल अंजान त्रिपाठी ने बताया कि संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा और संरचनात्मक जोखिम को देखते हुए एरियल सर्विलांस का प्रयोग किया जा रहा है। ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के दौरान दालमंडी और उससे जुड़े इलाकों के ऊपर ड्रोन उड़ा कर रिकॉर्डिंग की जा रही है। सर्विलांस रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।