देवल, ब्यूरो चीफ,बीना, सोनभद्र। जनपद में चोरी की बढ़ती घटनाओं पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो मुकदमों का खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के क्रम में पिपरी क्षेत्राधिकारी हर्ष पांडेय के पर्यवेक्षण में थाना अनपरा पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली।
थाना अनपरा पर पंजीकृत मुकदमा अपराध संख्या 40/2026 एवं 11/2026 (धारा 305 (ए), 331 (4) बीएनएस) की विवेचना के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी की घटनाओं से संबंधित आरोपी ककरी वारफाल क्षेत्र में चोरी के सामान के साथ मौजूद है और उसे बेचने की फिराक में है। सूचना पर
तत्परता दिखाते हुए पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर अमर पनिका पुत्र राम प्रसाद पनिका निवासी शिव मंदिर रेनुसागर अनपरा को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से चोरी के पीली धातु का मंगलसूत्र, मोबाइल फोन, दो सफेद धातु के सिक्के व 3,510 रूपए नकद बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह ककरी एनसीएल कॉलोनी में दिन में रेकी करता था और रात में चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। अन्य चोरी किए गए सामान को फेरीवालों को बेचने तथा कुछ सामान रिहंद डैम में फेंक देने की बात भी उसने कबूल की है। प्रभारी निरीक्षक सत्येन्द्र कुमार राय के नेतृत्व में कार्रवाई करने वाली टीम में चौकी इंचार्ज रेनुसागर बृजेश दूबे, एसआई संतोष सिंह, हे.का. विजय कुमार, का. संजय पाल एवं हे.का. गुड्डू बिंद शामिल रहे।
