आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। तिलकधारी महाविद्यालय, जौनपुर में सत्र 2025–26 के खेल महोत्सव का शुभारंभ उत्साह और उमंग के साथ किया गया। खेल महोत्सव के प्रथम दिवस पर अंतर संकाय बैडमिंटन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें महाविद्यालय के कुल छह संकायों के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
प्रतियोगिता के मुख्य अतिथि प्राचार्य प्रो. राम आसरे सिंह रहे। उनके मार्गदर्शन में पूरे आयोजन का संचालन खेलकूद परिषद के सचिव प्रोफेसर शेखर सिंह की देखरेख में संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में बालक एवं बालिका दोनों वर्गों में रोमांचक मुकाबले देखने को मिले।
बालिका वर्ग में कला संकाय ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि विज्ञान संकाय उपविजेता रहा और कृषि संकाय ने तृतीय स्थान हासिल किया। वहीं बालक वर्ग में भी कला संकाय ने अपना दबदबा कायम रखते हुए विजेता का खिताब जीता। वाणिज्य संकाय उपविजेता तथा विज्ञान संकाय तृतीय स्थान पर रहा।
समापन समारोह में सभी विजेता खिलाड़ियों को स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि प्राचार्य प्रो. राम आसरे सिंह ने अपने संबोधन में खेलों की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि छात्र जीवन में पढ़ाई के साथ-साथ खेलों का भी विशेष महत्व है। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक रूप से स्वस्थ रखते हैं, बल्कि मानसिक, सामाजिक और व्यक्तित्व विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेलों से एकाग्रता, कुशलता और अनुशासन का विकास होता है, जो जीवन में सफलता के लिए आवश्यक है।
उन्होंने छात्रों को पढ़ाई के साथ अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में भी सक्रिय रूप से भाग लेने की प्रेरणा दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न संकायों के प्राध्यापकों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इस अवसर पर प्रोफेसर माया सिंह, प्रोफेसर मनोज कुमार सिंह, डॉ. विपिन कुमार सिंह, डॉ. अवनीश कुमार, डॉ. विशाल सिंह, डॉ. अवनीश कुमार सिंह, डॉ. संजीव सेन सिंह, डॉ. नरेन्द्र पाठक, प्रोफेसर राजदेव दुबे, डॉ. प्रशांत कुमार पाण्डेय, डॉ. नागेंद्र सिंह सहित अन्य शिक्षकगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न होने पर छात्रों और शिक्षकों में विशेष उत्साह देखने को मिला।