आमिर, देवल ब्यूरो ,जफराबाद, जौनपुर। जनपद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कुंवर अनुपम सिंह ने बुधवार की देर शाम जफराबाद थाने का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उनके अचानक पहुंचने से थाना परिसर में सक्रियता बढ़ गई और पुलिसकर्मियों में अनुशासन व तत्परता देखने को मिली।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने सर्वप्रथम थाना कार्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न अभिलेखों, अपराध रजिस्टरों एवं लंबित प्रकरणों की स्थिति के बारे में विस्तार से जानकारी ली। अभिलेखों के रख-रखाव को लेकर उन्होंने थानाध्यक्ष श्रीप्रकाश शुक्ल को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि सभी रिकॉर्ड अद्यतन और सुव्यवस्थित होने चाहिए, ताकि किसी भी समय समीक्षा के दौरान कोई कमी न पाए जाए।
इसके बाद उन्होंने शस्त्रागार का निरीक्षण कर वहां रखे असलहों एवं कारतूसों की उपलब्धता और सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली। मालखाना का भी गहन निरीक्षण करते हुए जब्त सामानों के रख-रखाव और अभिलेखीकरण की स्थिति पर संतोषजनक व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।
एसएसपी ने हवालात की स्थिति का अवलोकन कर साफ-सफाई और सुरक्षा मानकों को दुरुस्त रखने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने थाना परिसर, प्रांगण, मेस तथा पुलिस बैरक का भी निरीक्षण किया और स्वच्छता को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के अंत में एसएसपी कुंवर अनुपम सिंह ने स्पष्ट कहा कि कानून-व्यवस्था के मामले में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने थानाध्यक्ष को निर्देशित किया कि थाने पर आने वाले आम नागरिकों के साथ शिष्ट और सरल व्यवहार किया जाए तथा उनकी शिकायतों का त्वरित और निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
एसएसपी के औचक निरीक्षण से पुलिस विभाग में अनुशासन और जवाबदेही की भावना और मजबूत हुई है।