आमिर, देवल ब्यूरो ,मछलीशहर (जौनपुर)। कोतवाली क्षेत्र के थलोई गांव में मंगलवार शाम जमीनी विवाद को लेकर पड़ोसी द्वारा एक नाबालिग लड़के पर चाकू से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में गंभीर रूप से घायल किशोर की हालत नाजुक बनी हुई है और उसे बेहतर उपचार के लिए वाराणसी बीएचयू रेफर किया गया है।
सूत्रों के अनुसार, गांव निवासी हरिकेश तिवारी का अपने पड़ोस में रहने वाले एक व्यक्ति से काफी समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते मंगलवार शाम करीब 6 बजे हरिकेश तिवारी का 17 वर्षीय पुत्र श्याम कुमार तिवारी अपने साथी ऋषभ कुमार यादव के साथ कहीं जा रहा था। तभी पहले से घात लगाकर बैठे हमलावरों ने उसे पकड़ लिया और उस पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
बताया जा रहा है कि हमलावरों ने श्याम पर कई वार किए, जिसमें एक चाकू उसके गले में लगकर आर-पार हो गया, जबकि दूसरा वार उसके सीने में किया गया। गंभीर चोट लगते ही श्याम तिवारी मौके पर ही गिरकर तड़पने लगा। यह भयावह दृश्य देखकर उसके साथ मौजूद लड़का डर के कारण वहां से भाग निकला।
घायल की चीख-पुकार सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक हमलावर वारदात को अंजाम देकर फरार हो चुके थे। परिजनों ने आनन-फानन में घायल को मछलीशहर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उसकी हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उसे तत्काल जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद भी स्थिति नाजुक बनी रहने पर चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए वाराणसी स्थित बीएचयू ट्रॉमा सेंटर भेज दिया। समाचार लिखे जाने तक घायल किशोर जीवन और मृत्यु के बीच संघर्ष कर रहा था और उसकी हालत बेहद चिंताजनक बताई जा रही है।
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। परिजन हमलावरों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। वहीं पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।