आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। श्री शंकर संकीर्तन मंडल ट्रस्ट द्वारा आयोजित 63वें वार्षिकोत्सव एवं महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर ऐतिहासिक शिव बारात के उपलक्ष्य में जिला अस्पताल परिसर में भव्य भंडारे का आयोजन किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं, मरीजों और उनके परिजनों को ससम्मान प्रसाद वितरण कर सेवा और भक्ति की मिसाल पेश की गई।
कार्यक्रम की शुरुआत भगवान शिव की विधिवत पूजा-अर्चना और संकीर्तन के साथ हुई। वातावरण हर-हर महादेव के जयघोष और भक्ति गीतों से गूंज उठा। मुंबई से पधारे जौनपुर के कलाकार जितेन्द्र झा ने “बम बम बोल रहा है काशी” और “भोले बाबा हिट कर द” जैसे भक्ति गीत प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। उनके गायन से पूरा परिसर भक्तिमय हो गया और उपस्थित लोग झूम उठे।
ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने बताया कि पिछले 63 वर्षों से महाशिवरात्रि के अवसर पर शिव बारात का आयोजन किया जाता रहा है, जो नगर की आस्था और परंपरा का प्रमुख केंद्र बन चुका है। इस वर्ष भी ऐतिहासिक शिव बारात में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भागीदारी रही। आकर्षक झांकियां, भक्ति संगीत और शिव भक्तों का उत्साह आयोजन की विशेषता रहा।
भंडारे के दौरान जिला अस्पताल में भर्ती मरीजों, उनके तीमारदारों और आमजन को प्रसाद वितरित किया गया। ट्रस्ट के सदस्यों के साथ-साथ युवाओं ने भी सेवा कार्य में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। पूरे आयोजन में अनुशासन, समर्पण और सेवा भाव स्पष्ट रूप से दिखाई दिया।
ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने कहा कि भगवान शिव की कृपा से यह आयोजन निरंतर सफलतापूर्वक संपन्न हो रहा है। भविष्य में भी समाज सेवा और धार्मिक आयोजनों के माध्यम से जनसेवा का कार्य जारी रहेगा। कार्यक्रम में नगर के गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही, जिन्होंने इस पहल की सराहना करते हुए ट्रस्ट के प्रयासों को प्रेरणादायी बताया।