आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर।थाना केराकत क्षेत्र अंतर्गत ग्राम तरियारी में कथित रूप से धर्म परिवर्तन कराए जाने की सूचना पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मामले में समुचित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया है तथा अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम तरियारी में कुछ व्यक्तियों द्वारा लोगों को बहला-फुसलाकर धर्म परिवर्तन कराए जाने की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना केराकत पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। जांच के दौरान पुलिस ने अजय कुमार गौतम सहित तीन अन्य व्यक्तियों को मौके से गिरफ्तार किया।
पुलिस की तलाशी में आरोपियों के पास से धर्म प्रचार से संबंधित पोस्टर, धार्मिक पुस्तकें तथा पहचान पत्र (आईडी कार्ड) बरामद किए गए हैं। बरामद सामग्री को कब्जे में लेकर विधिक प्रक्रिया के तहत सीज कर दिया गया है।
इस संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक नगर जौनपुर श्री आयुष श्रीवास्तव ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और प्रथम दृष्टया धर्म परिवर्तन से जुड़ी गतिविधियों के साक्ष्य मिलने पर आरोपियों के खिलाफ विधि सम्मत कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है और इस तरह की गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है तथा यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस मामले में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा कहीं इसके पीछे कोई संगठित नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि उन्हें इस प्रकार की किसी भी गतिविधि की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।