अब तक कुल 1130 मोबाइल बरामद, कीमत करीब 20 लाख रुपये
आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर, 02 फरवरी 2026। जनपद जौनपुर में साइबर अपराध के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत साइबर क्राइम थाना/सेल को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। साइबर क्राइम थाना जौनपुर व जनपद के विभिन्न थानों की साइबर सेल पुलिस टीम द्वारा सीईआईआर (CEIR) पोर्टल के माध्यम से 111 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द किया गया। बरामद मोबाइल फोन की अनुमानित बाजार कीमत लगभग बीस लाख रुपये बताई जा रही है।
यह कार्रवाई श्रीमान पुलिस अधीक्षक जौनपुर के निर्देशन में तथा श्रीमान अपर पुलिस अधीक्षक नगर एवं श्रीमान क्षेत्राधिकारी साइबर क्राइम के कुशल पर्यवेक्षण में की गई। साइबर क्राइम थाना जौनपुर द्वारा अब तक कुल 1130 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद कर उनके मालिकों को सौंपे जा चुके हैं, जो जनपद में साइबर पुलिस की एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
विभिन्न थाना क्षेत्रों से बरामद हुए मोबाइल
पुलिस के अनुसार, प्राप्त प्रार्थना पत्रों एवं सीईआईआर पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के आधार पर बरामद किए गए 111 मोबाइल फोन जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों से संबंधित हैं। इनमें थाना शाहगंज से 19, खुटहन से 04, कोतवाली से 03, लाइनबाजार से 03, सरायख्वाजा से 03, तेजीबाजार से 02, सरपतहाँ से 03, सुजानगंज से 03, मड़ियाहूँ से 03, मुंगराबादशाहपुर से 02 तथा नेवढिया से 01 मोबाइल फोन बरामद किए गए।
इसके अतिरिक्त उत्तर प्रदेश के अन्य जनपदों जैसे आजमगढ़, प्रयागराज, बहराइच, लखनऊ, कानपुर, बलिया, प्रतापगढ़, भदोही सहित अन्य स्थानों से भी मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। वहीं कुछ मोबाइल फोन दिल्ली, गुजरात, महाराष्ट्र, झारखंड, बिहार और राजस्थान जैसे अन्य राज्यों से भी रिकवर किए गए।
नामी कंपनियों के थे मोबाइल
बरामद मोबाइल फोन में मुख्य रूप से वन प्लस, वीवो, रेडमी, ओप्पो, रियलमी, टेक्नो, पोको, नोकिया और सैमसंग कंपनियों के मोबाइल शामिल हैं। सभी मोबाइल फोन की कुल कीमत लगभग बीस लाख रुपये आंकी गई है।
एएसपी नगर ने मोबाइल स्वामियों को सौंपे फोन
बरामद मोबाइल फोन अपर पुलिस अधीक्षक नगर एवं नोडल साइबर क्राइम श्री आयुष श्रीवास्तव तथा क्षेत्राधिकारी सदर/साइबर क्राइम श्री देवेश सिंह द्वारा मोबाइल स्वामियों को वितरित किए गए। अपने खोए हुए मोबाइल वापस पाकर सभी मोबाइल धारक काफी संतुष्ट एवं खुश नजर आए।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर ने बताया कि यदि किसी व्यक्ति का मोबाइल फोन गुम हो जाए तो वह तुरंत संबंधित थाने में गुमशुदगी दर्ज कराए और इसके बाद CEIR पोर्टल पर शिकायत अवश्य दर्ज करे। उन्होंने कहा कि साइबर अपराध के प्रति जागरूकता ही सबसे बड़ा बचाव है।
उन्होंने आमजन से अपील की कि साइबर अपराध का शिकार होने की स्थिति में तुरंत 1930 पर ऑनलाइन शिकायत करें या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत पंजीकृत करें, अथवा अपने नजदीकी थाने की साइबर हेल्पडेस्क पर जाकर लिखित शिकायत दर्ज कराएं।
बरामदगी करने वाली पुलिस टीम
इस सराहनीय कार्य में प्रभारी निरीक्षक साइबर क्राइम थाना जौनपुर महेश पाल सिंह, प्रभारी निरीक्षक साइबर क्राइम सेल राजेश कुमार यादव सहित साइबर क्राइम थाना एवं जनपद के विभिन्न थानों की साइबर सेल के अधिकारी व कर्मचारी शामिल रहे।