देवल संवाददाता, आजमगढ़। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार की अध्यक्षता में देर सायं कलेक्ट्रेट सभागार में सीएम डैशबोर्ड पर जनवरी 2026 की विभिन्न विभागों की बी, सी एवं डी ग्रेड समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में पीएम सूर्य घर योजना में जनपद का ग्रेड बी और रैंक 51 बताया गया। डिस्कॉम के 43 निरीक्षण पेंडिंग तथा बैंक के 689 लोन पेंडिंग को जिलाधिकारी ने तीन दिन में निस्तारित करने के निर्देश दिए। सभी नगर व विकासखंड में कैंप लगाकर आवेदन बढ़ाने और वेंडर नामित करने का निर्देश भी दिया गया।
डे एनआरएलएम में जनपद का ग्रेड सी रहा। परियोजना निदेशक डीआरडीए ने बताया कि एसएनए स्पर्श लागू होने के कारण भुगतान में बाधा आई है।
जल जीवन मिशन योजना में ग्रेड बी, रैंक 55 है। अधिशासी अभियंता ने बताया कि 7 एजेंसियों द्वारा कुल 1463 पेयजल योजनाओं पर कार्य चल रहा है। जिलाधिकारी ने समय पर भुगतान और शेष कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।
ओडीओपी टूलकिट में ग्रेड डी और मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना में बी ग्रेड आने का कारण पटल सहायक की गलती बताया गया, जिसे सुधारने हेतु चेतावनी देने का आदेश हुआ।
जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी ने सॉफ्टवेयर त्रुटि के कारण डैशबोर्ड में गलत आवेदन संख्या दिखाई जाने की जानकारी दी। जिलाधिकारी ने सभी सोशल सेक्टर अधिकारियों को समय पर डाटा फीडिंग और लक्ष्य अनुसार आवेदन करने के निर्देश दिए।
आईसीडीएस पोषण अभियान में जनपद का ग्रेड बी, रैंक 10 रहा। जिलाधिकारी ने बाल विकास परियोजना अधिकारियों और मुख्य सेविकाओं को प्रगति सुधारने हेतु बैठक कराई।
सेतुओं के निर्माण में ग्रेड सी, रैंक 58 है। अधिशासी अभियंता को मैनपावर बढ़ाकर समय पर कार्य पूर्ण करने और नियमानुसार भुगतान करने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा, जिलाधिकारी ने जीरो पॉवर्टी अभियान और प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना में पेंडिंग कार्य, प्रचार-प्रसार और नोडल अधिकारी शीघ्र नामित करने के निर्देश सभी संबंधित अधिकारियों को दिए।