देवल, ब्यूरो चीफ,म्योरपुर, सोनभद्र। हैंडपंप मरम्मत के नाम पर सरकारी खजाने से भारी भरकम बजट खर्च किए जाने के बावजूद म्योरपुर विकास खंड के ग्राम पंचायत खैराही में हैंडपंप की स्थिति काफी दयनीय है। बीते छह माह से अधिक समय से खराब पड़े हैंडपंप की मरम्मत कराए जाने की मांग ग्रामीणों द्वारा निरंतर विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है, बावजूद इसके जिम्मेदार अधिकारी जनहित की इस गंभीर समस्या को दरकिनार कर चैन की बंशी बजा रहे हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि रामइकबाल के घर के पास स्थित हैंडपंप बीते छह माह से खराब है। हैंडपंप की मरम्मत कराए जाने की मांग को लेकर ब्लॉक के अधिकारी को बीते कुछ दिनों पूर्व पत्र देकर समस्या से अवगत कराया गया था, लेकिन जनहित की इस समस्या को दरकिनार कर ब्लाक के अधिकारी अपने एसीदार चेम्बर में बैठकर चैन की बंशी बजा रहे हैं। बताया कि हैंडपंप खराब होने की दशा में ग्रामीणों को पेयजल के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है। मजबूरी में वे काफी दूरी से पानी लाकर अपनी प्यास बूझा रहे हैं। ग्रामीण बुधइलाल, रामइकबाल, प्रवीन, धीरेंद्र, पुटुन, सत्यनारायण, सोनू, आजाद, विनोद, आशा देवी आदि ने जिलाधिकारी का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराते हुए हैडपंप की मरम्मत कराए जाने की मांग किया है। उधर जनहित की समस्या को लेकर एडीओ पंचायत अजय सिंह से सेलफोन के जरिए वार्ता की गई तो उन्होंने दो टूक जवाब देते हुए कहा कि सचिव से बात करके उसे दिखवाता हूं।
