देवल संवाददाता, आज़मगढ़। मुख्यमंत्री जनआरोग्य मेला कार्यक्रम के तहत विकासखंड बिलरियागंज के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र जमींफरेंदा और बनकट का निरीक्षण मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन. आर. वर्मा द्वारा किया गया। निरीक्षण में स्वास्थ्य केन्द्रों की साफ-सफाई, स्टाफ उपस्थिति और दवाओं की व्यवस्था संतोषजनक पाई गई।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन. आर. वर्मा ने विकासखंड बिलरियागंज स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र जमींफरेंदा एवं बनकट का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दोनों स्वास्थ्य केन्द्रों पर साफ-सफाई, चिकित्सकीय और सहायक स्टाफ की उपस्थिति निर्धारित मानकों के अनुरूप रही। दवाओं के भंडारण एवं रख-रखाव की स्थिति भी सुचारु पाई गई।
मुख्यमंत्री जनआरोग्य मेला के अंतर्गत जनपद में कुल 77 मेलों का आयोजन किया गया, जिसमें 82 चिकित्सक और 265 पैरामेडिकल कर्मियों ने स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कीं। इन मेलों में कुल 2605 मरीजों का पंजीकरण हुआ, जिनमें 1180 पुरुष, 1136 महिलाएं और 289 बच्चे शामिल रहे। मरीजों को पंजीकरण, जांच, उपचार और चिकित्सकीय परामर्श की सुविधा निःशुल्क उपलब्ध कराई गई।
रिपोर्ट के अनुसार, इस दौरान 278 मधुमेह, 262 गैस्ट्रो, 242 श्वसन रोग, 246 त्वचा रोग, 120 उच्च रक्तचाप, 52 यकृत रोग, 37 एनीमिया और 9 क्षय रोग के मरीजों की जांच एवं उपचार किया गया। साथ ही 117 कुपोषित बच्चों की पहचान कर उन्हें आवश्यक परामर्श और उपचार उपलब्ध कराया गया। कोविड-19 हेल्प डेस्क पर 231 मरीजों की जांच हुई और गंभीर अवस्था वाले 7 मरीजों को उच्च चिकित्सा संस्थानों के लिए संदर्भित किया गया।
निरीक्षण के दौरान प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र बनकट में तैनात एनएमए हिमांशु सिंह अनुपस्थित पाए गए, जिस पर मुख्य चिकित्साधिकारी ने दो दिवस के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए और भविष्य में लापरवाही न होने की चेतावनी दी।
डॉ. एन. आर. वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री जनआरोग्य मेला शासन की एक महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजना है, जिसका उद्देश्य आमजन को निकटतम स्वास्थ्य केन्द्र पर सुलभ, निःशुल्क और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। सभी चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी पूरी निष्ठा और संवेदनशीलता के साथ आमजन की सेवा करें और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।