देवल संवाददाता, अतरौलिया/आज़मगढ़। केंद्रीय बजट 2026–27 को ऐतिहासिक बताते हुए मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने इसे विकसित भारत 2047 की नींव करार दिया। साथ ही पंचायत चुनाव को लेकर भी बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि चुनाव समय पर होंगे और मतदाता सूची पुनरीक्षण का काम जारी है, जिसकी अंतिम सूची 28 तारीख को प्रकाशित की जाएगी।
मिली जानकारी के अनुसार अतरौलिया फार्मर्स प्रोड्यूसर्स कंपनी लिमिटेड द्वारा संचालित फार्म मशीनरी स्टोर का रविवार को शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने संयुक्त रूप से फीता काटकर स्टोर का उद्घाटन किया। इस मौके पर विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व जिला अध्यक्ष जय नाथ सिंह, लालगंज जिला अध्यक्ष विनोद राजभर तथा अपर कृषि निदेशक आशीष कुमार श्रीवास्तव मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन को दोहराते हुए कहा कि पहले क्षेत्र के किसानों को आधुनिक कृषि यंत्रों के लिए पंजाब जैसे राज्यों की ओर ताकना पड़ता था, लेकिन अब नैनो यूरिया छिड़काव मशीन जैसे उन्नत उपकरण अतरौलिया में ही उपलब्ध होंगे। इससे किसानों की लागत घटेगी और आय दोगुनी करने का सपना साकार होगा।
केंद्रीय बजट 2026–27 की सराहना करते हुए राजभर ने इसे सर्वसमावेशी बताते हुए कहा कि यह बजट विकसित भारत 2047 की मजबूत नींव रखता है। उन्होंने बताया कि कैंसर और शुगर जैसी गंभीर बीमारियों की दवाओं को सस्ता कर आम जनता को बड़ी राहत दी गई है। साथ ही टैक्स नियमों में बदलाव से विदेश यात्रा भी पहले की तुलना में आसान हुई है।
एनकाउंटर और कानून व्यवस्था को लेकर इलाहाबाद हाईकोर्ट की टिप्पणी तथा विपक्ष के आरोपों पर मंत्री ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि पुलिस अपराधियों का स्वागत फूल-मालाओं से नहीं करेगी। अगर अपराधी पुलिस पर गोली चलाएगा, तो आत्मरक्षा में पुलिस को भी गोली चलानी होगी। उन्होंने विपक्ष के पिछड़ा-दलित कार्ड को खारिज करते हुए कहा कि अपराधी की कोई जाति नहीं होती।
इस दौरान समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव पर भी उन्होंने हमला बोला। जातिगत जनगणना के मुद्दे पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब अखिलेश यादव मुख्यमंत्री थे, तब उन्हें पिछड़ों और जातिगत जनगणना की याद क्यों नहीं आई। साथ ही आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी अब भाजपा सरकार की योजनाओं का श्रेय लेने की कोशिश कर रही है।
पंचायत चुनाव को लेकर मंत्री ने स्पष्ट किया कि चुनाव तय समय पर ही कराए जाएंगे। फिलहाल मतदाता सूची के पुनरीक्षण का कार्य चल रहा है, जिसकी अंतिम सूची 28 तारीख को प्रकाशित की जाएगी।