देवल संवाददाता, बलिया में भारतीय रेलवे के मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने गुरुवार को मंडलीय अधिकारियों के साथ बलिया रेलवे स्टेशन का गहन निरीक्षण किया। यह निरीक्षण अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत चल रहे पुनर्विकास कार्यों, यात्री सुविधाओं और नए भवनों के निर्माण की प्रगति की समीक्षा के लिए किया गया।
मंडल रेल प्रबंधक निरीक्षण स्पेशल ट्रेन से बलिया पहुंचे। उन्होंने पैदल उपरिगामी पुल का निरीक्षण करते हुए प्लेटफॉर्म संख्या 04 पर चल रहे निर्माण कार्यों का जायजा लिया। इसके बाद प्लेटफॉर्म संख्या 01 पर यात्री सुविधाओं का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान दूसरे प्रवेश द्वार पर निर्माणाधीन भवन, आगमन-प्रस्थान लाउंज, वेटिंग एरिया, ग्रीन पार्क, प्रस्तावित रेल कोच रेस्टोरेंट स्थल, सर्कुलेटिंग एरिया विस्तार, बुकिंग कार्यालय, 12 मीटर पैदल उपरिगामी पुल, पार्किंग स्थल, दिव्यांगजन सुविधाएं, प्रथम तल पर निर्माणाधीन महिला एवं पुरुष डोरमेट्री, प्रतीक्षालय और विभिन्न कार्यालयों की समीक्षा की गई।
डीआरएम ने संबंधित अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने तथा गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने प्लेटफॉर्म संख्या 01 स्थित यात्री प्रतीक्षालयों और डोरमेट्री के आधुनिकीकरण कार्य, यात्री निवास, वीआईपी लाउंज, टीसी रूम, यात्री आरक्षण केंद्र, शौचालय, वाटर बूथ, पार्सल कार्यालय, रनिंग रूम, सर्कुलेटिंग एरिया और पार्किंग व्यवस्था का भी निरीक्षण किया।
सर्कुलेटिंग एरिया में धरोहर के रूप में स्थापित डीजल इंजन के रंग-रोगन एवं रखरखाव के निर्देश दिए गए। साथ ही पार्सल कार्यालय के पास अनाधिकृत प्रवेश बंद करने, नए भवनों में रेलवे कार्यालयों के स्थानांतरण, यात्री निवास को वातानुकूलित करने, व्यापक साफ-सफाई सुनिश्चित करने, ग्रीष्मकालीन यात्रियों की सुविधा हेतु सभी पंखे चालू रखने, पेयजल उपलब्धता बनाए रखने, वाटर टैप सुचारू रखने और नए वाटर कूलर लगाने के निर्देश भी दिए।
संरक्षा निरीक्षण के क्रम में डीआरएम ने केंद्रीकृत स्टेशन पैनल, इंटरलॉकिंग, संरक्षा उपकरण, कुंजी हस्तांतरण एवं अनुरक्षण रजिस्टर, पॉइंट्स एंड क्रॉसिंग, स्विच एक्सटेंशन जॉइंट्स, ग्लूड जॉइंट्स, सिग्नलों की दृश्यता और स्टेशन सेक्शन के कर्वेचरों की जांच की। उन्होंने संरक्षा मानकों के पालन पर विशेष जोर दिया।
बलिया स्टेशन निरीक्षण के उपरांत जैन ने अप लाइन बलिया–गाजीपुर सिटी रेलखंड पर पॉइंट क्रॉसिंग संख्या 203 ए एवं बी का संरक्षा निरीक्षण किया। इसके बाद स्विच एक्सटेंशन जॉइंट (एसईजे) संख्या 36 तथा किमी 80/2 पर कर्व संख्या 20 का गहन निरीक्षण कर मानकानुसार मापन सुनिश्चित कराया।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत बलिया स्टेशन का कायाकल्प किया जा रहा है, जिससे यात्रियों को आधुनिक एवं बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।