देवल संवादाता,वाराणसी। वाराणसी नगर निगम की कार्यकारिणी ने शहर के विकास को नई रफ्तार देने के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए प्रस्तावित 2537.84 करोड़ रुपये के बजट को पास कर दिया है। इसमें नगर निगम का 2262.42 करोड़ रुपये और जलकल का 275.42 करोड़ रुपये का बजट शामिल है। यह बजट तीन साल में दोगुने से भी ज्यादा बढ़ा है।
इस बार के बजट में पहली बार पद्म पुरस्कार विजेताओं के लिए 20 करोड़ रुपये और सेवा बस्तियों (मलिन बस्तियों) के लिए 30 करोड़ रुपये की धनराशि का प्रावधान किया गया है। मेयर अशोक कुमार तिवारी की अध्यक्षता में बुधवार को नगर निगम में हुई कार्यकारिणी की बैठक में शहर के विकास का अब तक का सबसे बड़ा खाका प्रस्तुत किया गया।
मुख्य वित्त एवं लेखाधिकारी (सीएफओ) मनीष शुक्ल ने नगर निगम का तथा जलकल के महाप्रबंधक अनूप सिंह ने जलकल विभाग के वित्तीय वर्ष 2026-27 का प्रस्तावित एवं 2025-26 का पुनरीक्षित आय-व्यय का ब्योरा कार्यकारिणी में पेश किया।
मेयर, नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल और कार्यकारिणी सदस्यों के सुझाव पर कई मदों में खर्चों में कटौती तथा कुछ मदों में व्यय बढ़ाने पर सहमति बनी। संशोधित बजट पर आगामी सदन की बैठक में चर्चा की जाएगी। सदन की मंजूरी के बाद इसे प्रभावी माना जाएगा।
तीन साल में दोगुना से अधिक हुआ बजट
पिछले तीन वर्षों में नगर निगम के बजट में 2.69 गुना वृद्धि हुई है। पिछले वर्ष की तुलना में यह लगभग 1.7 गुना (करीब 938 करोड़ रुपये अधिक) है। वर्ष 2023-24 में जहां बजट 840.90 करोड़ रुपये था, वहीं 2026-27 में यह बढ़कर 2262.42 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। जलकल विभाग के बजट में भी शहरवासियों को निर्बाध पेयजल आपूर्ति और बेहतर सीवरेज सिस्टम प्रदान करने के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं। आगामी वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए जलकल विभाग में कुल 270.91 करोड़ रुपये का व्यय प्रस्तावित है। विभाग ने अपनी आय के स्रोतों, विशेषकर जल मूल्य (वॉटर टैक्स) और सीवर टैक्स की वसूली को अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया है।
पद्म पुरस्कार विजेताओं की गलियां बनेंगी मॉडल
काशी की कला और संस्कृति का मान बढ़ाने वाले पद्म पुरस्कार विजेताओं के सम्मान में नगर निगम ने बड़ी पहल की है। उनके आवास की गलियों को ‘मॉडल गली’ के रूप में विकसित करने के लिए बजट में 20 करोड़ रुपये का विशेष प्रावधान किया गया है। इन गलियों को कलात्मक स्वरूप देने के साथ-साथ आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा।
सेवा बस्तियों के लिए 30 करोड़ का प्रावधान
शहर की सेवा बस्तियों में रहने वाले नागरिकों के जीवन स्तर को सुधारने के लिए बजट में 30 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। इस राशि से इन क्षेत्रों में सीवर लाइन, शुद्ध पेयजल, आधुनिक स्ट्रीट लाइट और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
बैठक में ये रहे मौजूद
कार्यकारिणी सदस्यों में उपसभापति नरसिंह दास, अमरदेव यादव, राजेश यादव ‘चल्लू’, प्रमोद राय, मदन मोहन, हनुमान प्रसाद, सुशील गुप्ता ‘योगी’, प्रवीण राय, अशोक मौर्य, माधुरी सिंह, सुशीला देवी और राजकुमार चौधरी उपस्थित रहे। इसके अलावा अपर नगर आयुक्त सविता यादव, अपर नगर आयुक्त विनोद कुमार गुप्ता, मुख्य नगर लेखा परीक्षक संजय प्रताप सिंह, संयुक्त नगर आयुक्त जितेंद्र आनंद, जलकल के महाप्रबंधक अनूप सिंह, सीटीओ कुमार असीम रंजन, मुख्य अभियंता आरके सिंह, पशु चिकित्साधिकारी डॉ. संतोष पाल आदि मौजूद रहे।