देवल संवाददाता, बलिया। जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय (जेएनसीयू) में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के तत्वावधान में फाइलेरिया जागरूकता रैली का आयोजन गुरुवार को किया गया। यह कार्यक्रम विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. संजीत कुमार गुप्ता के संरक्षण एवं निर्देशन में संपन्न हुआ।
रैली में विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षकगण और एनएसएस स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसका आयोजन एनएसएस परिसर इकाई यूनिट–1 एवं यूनिट–2 द्वारा किया गया था।
इस रैली का मुख्य उद्देश्य फाइलेरिया जैसी गंभीर बीमारी के प्रति जन जागरूकता फैलाना था। इसमें स्वच्छता अपनाने और समय पर दवा सेवन के महत्व पर विशेष जोर दिया गया।
स्वयंसेवकों ने हाथों में जागरूकता संबंधी स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में भ्रमण किया। उन्होंने लोगों को रोग से बचाव के उपाय बताए और स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने का संदेश दिया।
समापन अवसर पर एनएसएस के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. संजीव कुमार एवं डॉ. लाल विजय सिंह ने प्रतिभागियों के सक्रिय सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसी जागरूकता गतिविधियां समाज में स्वास्थ्य सुरक्षा को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने भविष्य में भी जनहित से जुड़े कार्यक्रमों के आयोजन की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
इस अवसर पर डॉ. अमर सिंह, कुलदीप कुमार, आदित्य शर्मा, डॉ. उपेंद्र कुमार मौर्य, डॉ. अमरतन गौतम, अंजली भारद्वाज सहित अन्य प्राध्यापक और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।