देवल संवाददाता, मऊ। मुख्य विकास अधिकारी विवेक कुमार श्रीवास्तव द्वारा विकास खंड बड़राव जनपद मऊ में प्रोजेक्ट अलंकार के तहत राजकीय बालिका इंटर कॉलेज मुजार बुजुर्ग में कार्यदायी संस्था उत्तर प्रदेश आवास विकास परिषद खण्ड आजमगढ़ द्वारा कराये जा रहे कार्यों का स्थलीय निरीक्षण तकनीकी टीम के साथ किया गया। प्रोजेक्ट अलंकार के तहत कार्यदायी संस्था द्वारा चहारदीवारी एवं लैब का कार्य कराया जा रहा है। मुख्य विकास अधिकारी द्वारा चहारदीवारी में प्रयुक्त हो रहे ईट की गुणवत्ता एवं पलास्टरिंग कार्य पर असंतोष व्यक्त किया गया तथा ईट के गुणवत्ता की जांच लैब से कराने के लिए निर्देशित किया गया। निर्माणाधीन लैब में आंतरिक विद्युतीकरण के प्राक्कलन के अनुसार न पाए जाने व प्लास्टर में तरावट नियमित न कराने पर अत्यन्त रोष व्यक्त किया गया तथा कार्यादायी संस्था के अधिकारियों द्वारा कार्य की निगरानी में लापरवाही बरतने के कारण नाराजगी व्यक्त की गयी।
तत्पश्चात ब्लॉक बड़राव का निरीक्षण किया गया। गार्ड फाइल गत निरिक्षण की फाइल अद्यावधिक एवं अपूर्ण पाई गई। सेवा पुस्तिकाएं व जी पी एफ पासबुक अपूर्ण पाया गया। वाहन, पुराने भवन, पुराना वाहन व पुराने अभिलेखों का नियमानुसार निष्प्रयोज्य की कार्यवाही नही कराई गई है। एडीओ पंचायत द्वारा शिकायतों पर सभी से फीडबैक नही प्राप्त करने व ग्राम पंचायतों में कराए गए निर्माण कार्य की पत्रावली पूर्ण रूप से मंगवाकर ब्लॉक में संरक्षित न कराने पर कड़ी फटकार लगाते हुए गहरी नाराजगी व्यक्त की गई।मनरेगा में नए कार्य न कराने व अपूर्ण कार्य को पूर्ण करने व एस आर एल एम में अपेक्षित प्रगति लाने के निर्देश खण्ड विकास अधिकारी को दिया गया। निर्माण संबंधी पत्रावली पूर्ण न होने के संबंध में खण्ड विकास अधिकारी को कड़े निर्देश दिये गए। अन्य सभी महत्वपूर्ण बिंदुओं पर अनुपालन कराकर अवगत कराने के निर्देश दिए गए।विकास खण्ड बड़राव की ग्राम पंचायत बसारतपुर में चौपाल लगाकर जन कल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई। चौपाल में 6 माह के 1 बच्चे को अन्नप्राशन व 2 गर्भवती महिलाओ की गोद भराई की गई। योजनाओं के बारे मे प्रकाश डालते हुए ग्रामीणों की शिकायत सुनी गई तथा निस्तारण योग्य शिकायतों का निस्तारण कराया गया। ग्राम में विभिन्न कार्य मे पाई गई कमियों को ठीक कराए जाने के निर्देश अधिकारियो को दिया गया। चौपाल के बाद ग्राम में कराए गए निर्माण कार्यो का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश संबंधित को दिए गए।