कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।बाबू राम बहाल कॉन्वेंट स्कूल, पकड़ी भोजपुर टांडा, जनपद अंबेडकरनगर में वार्षिक उत्सव बड़े ही धूमधाम और गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। विद्यालय प्रांगण को आकर्षक सजावट, रंग-बिरंगी रोशनी और सांस्कृतिक झांकियों से सजाया गया था। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावक, क्षेत्रीय गणमान्य नागरिक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि नारायण फाउंडेशन के अध्यक्ष दिनेश मौर्य एवं विशिष्ट अतिथि उच्च न्यायालय लखनऊ के वरिष्ठ अधिवक्ता रामकुमार मौर्य द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर रामनगर पूर्वी क्षेत्र से भावी प्रत्याशी सदस्य जिला पंचायत,बसपा नेता जयप्रकाश मौर्य, युवा नेता रजनीश मौर्य, समाजसेवी धर्मेंद्र मौर्य, डॉ अरविंद मौर्य, वरिष्ठ पत्रकार चंदन मौर्य, असलम अब्बास, रमेश मौर्य एवं अमित मौर्य सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।विद्यालय के बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुति दी। नन्हे-मुन्ने बच्चों द्वारा स्वागत गीत और सरस्वती वंदना से माहौल भक्तिमय हो उठा। इसके बाद विद्यार्थियों ने दहेज प्रथा, शिक्षा का महत्व, बेरोजगारी, नारी सशक्तिकरण और सामाजिक कुरीतियों जैसे विषयों पर आधारित नाटकों और लघु नाटिकाओं का प्रभावशाली मंचन किया। दहेज प्रथा पर प्रस्तुत नाटक ने समाज को आईना दिखाने का कार्य किया, वहीं शिक्षा पर आधारित प्रस्तुति ने बेटियों को पढ़ाने और आत्मनिर्भर बनाने का संदेश दिया।कार्यक्रम में समूह नृत्य, देशभक्ति गीत, कविताएं और एकांकी नाटक भी प्रस्तुत किए गए, जिन पर दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से बच्चों का उत्साहवर्धन किया। विद्यार्थियों की अभिनय क्षमता, आत्मविश्वास और मंच संचालन की सभी ने प्रशंसा की।मुख्य अतिथि दिनेश मौर्य ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा ही समाज और राष्ट्र निर्माण की सबसे मजबूत नींव है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों की प्रतिभा निखरती है और उनमें सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है। विशिष्ट अतिथि रामकुमार मौर्य ने विद्यार्थियों को अनुशासन,परिश्रम और नैतिक मूल्यों को जीवन में अपनाने की प्रेरणा दी।विद्यालय प्रबंधन की ओर से सभी अतिथियों को स्मृति चिन्ह एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। अंत में प्रबंधक वैभव नरेश मौर्य ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।वार्षिक उत्सव ने न केवल विद्यार्थियों की प्रतिभा को मंच प्रदान किया, बल्कि समाज को जागरूक करने का सार्थक संदेश भी दिया।
बाबू राम बहाल कॉन्वेंट स्कूल का वार्षिकोत्सव धूमधाम से सम्पन्न, बच्चों ने सामाजिक मुद्दों पर दी शानदार प्रस्तुतियां
फ़रवरी 22, 2026
0
Tags