देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। पुलिस की संवेदनशील एवं त्वरित कार्यवाही के परिणामस्वरूप तीन वर्षीय बालिका को सकुशल उसके परिजनों से मिलाया गया। गुरुवार को थाना एएचटी सोनभद्र को सूचना प्राप्त हुई कि एक लगभग तीन वर्षीय बालिका पुलिस लाइन तिराहा मेन रोड के पास अकेली भटकती हुई मिली है। सूचना प्राप्त होते ही थाना एएचटी की टीम एवं चाइल्ड लाइन 1098 के सदस्यों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर बालिका को सुरक्षित संरक्षण में ले लिया।
टीम द्वारा आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ एवं आवश्यक खोजबीन की गई। सतत प्रयासों के उपरांत ज्ञात हुआ कि उक्त बालिका मूल रूप से अनपरा क्षेत्र की निवासिनी है तथा अपनी बुआ के साथ चुर्क आई हुई थी। प्रातःकाल खेलते-खेलते वह अनजाने में घर से दूर निकल गई थी। सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण करने के उपरांत बालिका को सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द किया गया। बालिका को सुरक्षित पाकर परिजनों ने पुलिस एवं चाइल्ड लाइन टीम के प्रति आभार व्यक्त किया। प्रभारी निरीक्षक थाना एएचटी माधव सिंह ने बताया कि यदि किसी को कोई लापता, गुमशुदा हुआ बालक या बालिका मिले तो तत्काल थाना एएचटी के सीयूजी मोबाइल नंबर 9454404294 अथवा चाइल्ड हेल्पलाइन के टोल फ्री नंबर 1098 पर सूचना दें।
