देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। ओबरा थाना पुलिस ने खनन विभाग की टीम के साथ गत 18 फरवरी को एक बड़ी सफलता हासिल की। बिल्ली मारकुंडी व डाला खनन क्षेत्र में मानकों को ताक पर रखकर संचालित तमाम कशर प्लांटों से प्रतिदिन बगैर ई-एमएम 11 परमिट के ओवरलोड गिट्टी का परिवहन करने वाले दर्जनों वाहनों में से एक हाइवा को गत बुधवार को बग्घानाला के समीप से पकड़ कर खलाशी को धर दबोचा। हालांकि इस कार्रवाई के दौरान पुलिस व खनिज विभाग की भारी भरकम फौज होने के बावजूद हाइवा चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने हाइवा को कब्जे में लेते हुए खलाशी को गिरफ्तार कर लिया है।
कार्रवाई की जद में आए हाइवे के चालक समेत स्वामी और माइनिंग वर्ड्स ओबरा के संचालक के खिलाफ पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया है। ओबरा क्षेत्राधिकारी अमित कुमार ने बताया कि अवैध खनन व परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गत बुधवार की रात ओबरा थाना पुलिस व खनिज विभाग के अधिकारियों की संयुक्त टीम ने क्षेत्र के बग्घानाला के समीप चेकिंग के दौरान एक हाइवा (ट्रक) को बगैर ई-एमएम 11 परमिट के गिट्टी का परिवहन करते पकड़ा। कार्रवाई की जद में आए हाइवा पर करीब 25 घन मीटर गिट्टी लदा मिला। सीओ ने बताया कि इस कार्रवाई के दौरान हाइवा चालक मौके का फायदा उठाते हुए फरार हो गया। टीम में शामिल पुलिस अधिकारियों ने हाइवा खलासी को मौके से गिरफ्तार किया है। सीओ ने बताया कि हाइवा के सह चालक संदीप पाल पुत्र संजय पाल निवासी रेही थाना घोरावल को गिरफ्तार कर कानून के हवाले कर दिया गया है। मामले में हाइवा चालक मनोज पाल पुत्र राजेन्द्र पाल निवासी रेही थाना घोरावल समेत हाइवा चालक व कशर प्लांट माइनिंग वर्कस ओबरा के संचालक के खिलाफ खान निरीक्षक अतुल दुबे की तहरीर पर मुकदमा पंजीकृत कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
