देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। विकास भवन के विभिन्न अनुभागों व पंचायत रिसोर्स सेंटर लोढ़ी का गुरुवार को जिलाधिकारी बीएन सिंह ने निरीक्षण किया। इस दौरान जिला कार्यक्रम अधिकारी, डीसी एनआरएलएम विभाग में साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लेने के बाद डीएम ने संबंधित अधिकारी को पत्रावलियों के रख-रखाव के बेहतर प्रबन्ध किए जाने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने जिला कार्यक्रम अधिकारी कार्यालय में रखे गये सामग्री को देखा और संबंधित से जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कार्यालय में रखे गये सामग्री को संबंधित विभाग को सुपूर्त करने के निर्देश संबंधितों को दिया। कहा कि कार्यालय को साफ-सफाई बनाए रखने के साथ ही प्रयोग में न आने वाली किसी भी प्रकार की सामग्री को सुव्यवस्थित ढंग से रखा जाए, जिससे कार्यालय कार्य में समस्या न होने पाएं। इसी प्रकार से उन्होंने विकास भवन के पास बने पंचायत रिसोर्स सेन्टर का निरीक्षण किया। उन्होंने जिला पंचायत राज अधिकारी को पंचायत रिसोर्स सेंटर में बेहतर प्रबन्ध करने को निर्देशित किया। कहा कि आस-पास के झाड़ियों के कटान का कार्य कराने के साथ ही परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। जिलाधिकारी ने पंचायत रिसोर्स सेंटर में लगे टाईल्स जो बीच-बीच में टूट गए हैं, को मरम्मत कराने के निर्देश जिला पंचायत राज अधिकारी को दिया। उन्होंने कहा कि सेन्टर में समय-समय पर विभागों द्वारा प्रशिक्षण व जनकल्याणकारी जैसे आयोजन व प्रदर्शनी लगाया जाता है, इसलिए भवन में बेहतर प्रबन्ध करने के साथ ही साफ-सफाई का विशेष
ध्यान दिया जाए। मौके पर जिला विकास अधिकारी हेमन्त कुमार सिंह, डीसी मनरेगा रवीन्द्र वीर सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी नमिता शरण, जिला दिव्यागजन सशक्तिकरण अधिकारी विद्या देवी, डीसी एनआरएलएम सरिता सिंह आदि मौजूद रहीं।
.jpeg)