देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। ओबरा थाना क्षेत्र के गिरधर सीमेंट्स लिमिटेड परिसर में गत 7-8 फरवरी की रात्रि सो रहे व्यक्ति की हत्या कर फरार आरोपी को स्थानीय पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी श्रवन सिंह उर्फ श्रवण गोंड पुत्र राम प्रसाद सिंह निवासी ग्राम झारा थाना सनावल जिला बलरामपुर छत्तीसगढ़ ने विष्णु हरि उपाध्याय के सिर पर पत्थर से वारकर हत्या की घटना को अंजाम दिया था। साक्ष्य मिटाने के लिए सीसीटीवी कैमरा को क्षतिग्रस्त कर उसके उपकरण (मानिटर व प्रिंटर) हटाकर झाड़ियों में छिपा दिया था, जिसे बरामद कर लिया गया है।
चुर्क पुलिस लाइन में आयोजित पत्रकार वार्ता में पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने हत्यारोपी को मीडिया से रूबरू कराया। एसपी ने बताया कि गत 7-8 फरवरी की रात्रि गिरधर सीमेंट्स लिमिटेड परिसर में कंपनी के संचालक के चाचा विष्णु हरि उपाध्याय की हत्या कर दी गई थी। मामले में अज्ञात हत्यारोपियों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया गया था। इसी क्रम में ओबरा थाना पुलिस ने एसओजी टीम के साथ जांच के बाद शुकवार को बग्घा नाला ओवरब्रिज के पास से हत्यारोपी को धर दबोचा। एसपी ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने बताया है कि वह पूर्व में गिरधर सीमेंट्स लिमिटेड परिसर में 2 वर्षों तक मिस्त्री के पद पर कार्यरत था। नौकरी से निकाले जाने तथा मृतक द्वारा डांट-फटकार किए जाने से वह रंजिश रखता था। दिनांक 07-08 फरवरी की रात लगभग 11-12 बजे वह बाउंड्री कूदकर परिसर में घुसा। बरामदे में सो रहे विष्णु हरि उपाध्याय के सिर पर पत्थर से 3-4 बार वार कर उनकी हत्या कर दी। बाद मृतक के पास से चाबी का गुच्छा लेकर कार्यालय खोला तथा दराज से 6500 नगद एवं मृतक का मोबाइल फोन ले लिया। साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से सीसीटीवी तोड़
दिया तथा मॉनिटर एवं प्रिंटर को उठाकर पास के नाले में झाड़ियों के नीचे छिपा दिया कि उसकी पहचान न हो सके। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक सदानंद राय, शमशेर यादव, राजेश जी चौबे, राम सिंह यादव, संतोष कुमार पटेल, सतीश कुमार सिंह, रितेश सिंह आदि पुलिस कर्मी मौजूद रहे।
