देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। न्यूड फोटो वायरल करने की धमकी देकर साइबर ठगी करने वाले अंतरजनपदीय गैंग का पुलिस ने भंडाफोड़ करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों की पहचान सुरेन्द्र कुमार पुत्र जयप्रकाश निवासी मसवान थाना रावतपुर, जनपद कानपुर, गोलू राजपूत पुत्र सत्यपाल निवासी आवास विकास कॉलोनी, थाना कल्याणपुर, जनपद कानपुर नगर, मो. जुनैद पुत्र
निजामुद्दीन निवासी 39/192 विकनगंज जनपद कानपुर व अनुराग सिंह पुत्र ज्ञानेन्द्र सिंह निवासी 293 गोपालपुर थाना पनकी, जनपद कानपुर नगर के रूप में की गई है। इनके कब्जे से पुलिस ने सात मोबाइल फोन के साथ कई आधार कार्ड व बैंक पासबुक बरामद की है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में साइबर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत साइबर क्राइम पुलिस ने कार्रवाई की। एसपी ने बताया कि म्योरपुर थाना क्षेत्र के म्योरपुर निवासी एक युवती को फोन कर गैंग के अभियुक्तों ने गाली-गलौज करते हुए धन की मांग की थी। इनके द्वारा पैसा न देने पर जान से मारने की धमकी तथा न्यूड फोटो सोशल मीडिया पर वायरल करने व मोबाइल हैक कर धन की उगाही करने का गंभीर अपराध किया गया था। पीड़िता की शिकायत पर साइबर काइम पुलिस ने मामला पंजीकृत कर जांच के बाद गैंग के चार आरोपियों को धर दबोचा। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को लालच देकर उनके नाम पर सिम कार्ड प्राप्त कर उन्हें साइबर अपराध में प्रयुक्त करते थे। सिम विक्रेता द्वारा अपने पीओएस मशीन से वैध-अवैध रूप से सिम एक्टिवेट कर उन्हें साइबर ठगों को सप्लाई किया जाता था। अभियुक्तगण अश्लील वीडियो देखने के नाम पर लोगों को फंसाकर एआई तकनीक से फर्जी न्यूड फोटो तैयार कर धमकी देकर धन उगाही करते थे। इसके अतिरिक्त ब्लॉक हो चुके नंबरों को गुमशुदगी दर्शाकर पुनः एक्टिवेट कर अपराध में इस्तेमाल किया जाता था। अभियुक्तों द्वारा अब तक 100 से अधिक सिम कार्डों का प्रयोग कर देशभर में साइबर ठगी की गई है। जनपद सोनभद्र के भी कई पीड़ितों की जानकारी सामने आई है।
.jpeg)