देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। चोपन ब्लाक संसाधन केंद्र चोपन के प्रांगण में गुरुवार को हमारा आंगन-हमारे बच्चे उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ओबरा तहसील के तहसीलदार नरेंद्र राम, विशिष्ट अतिथि चकबंदी अधिकारी प्रभाकर सिंह एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी मनोज कुमार मौजूद रहे। कार्यक्रम का संयोजन खंड शिक्षा अधिकारी लोकेश कुमार मिश्र ने किया।
तहसीलदार नरेंद्र राम ने कहा कि हमारा आंगन हमारे बच्चे कार्यक्रम बच्चों की विद्यालय में सहभागिता, नियमित उपस्थिति तथा शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने विद्यालयों के आकर्षक एवं बाल-मैत्रीपूर्ण वातावरण की आवश्यकता पर विस्तार से प्रकाश डाला। चकबंदी अधिकारी प्रभाकर सिंह ने अभिभावकों से बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने की अपील की तथा शासन द्वारा विद्यालयों में उपलब्ध कराई जा रही विशेष सामग्रियों एवं सुविधाओं की जानकारी दी। बाल विकास परियोजना अधिकारी मनोज कुमार ने बेसिक शिक्षा विभाग और बाल विकास परियोजना के संयुक्त प्रयास से संचालित को-लोकेटेड आंगनबाड़ी केंद्रों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्री और विद्यालय के शिक्षक मिलकर 5 से 8 वर्ष तक के बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा की मजबूत नींव तैयार करते हैं। दोनों विभाग एक-दूसरे के पूरक हैं और बच्चों को प्राथमिक शिक्षा के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। शासन द्वारा को-लोकेटेड आंगनबाड़ी के माध्यम से आंगनबाड़ी और प्राथमिक विद्यालय के समन्वय से संयुक्त शिक्षा का सशक्त प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम संयोजक खंड शिक्षा अधिकारी लोकेश कुमार मिश्र ने विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं जैसे वंडर बाक्स, शिक्षण सामग्री, स्टेशनरी एवं बाल-मैत्री फर्नीचर आदि के बारे में जानकारी दी। राज्य संदर्भ समूह के सदस्य विद्यासागर ने कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की तथा इसके उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने प्रतिमाह आयोजित होने वाले मदर ओरिएंटेशन कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि इसके माध्यम से माताओं को विद्यालय से जोड़ा जा रहा है तथा उन्हें बच्चों की शिक्षा-दीक्षा एवं अपनी सहभागिता के विषय में जागरूक किया जा रहा है। कार्यक्रम में आरपी ज्ञान प्रकाश, प्रशांत अवस्थी, रजनी श्रीवास्तव, सरफराज अहमद खान, अनिरुद्ध यादव, रूद्र प्रसाद मिश्रा, राजेश कुमार, राकेश कुमार, गुरु प्रसाद, अंकुश प्रजापति, राघवेंद्र त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।
