देवल संवाददाता, बलिया में विशेष निर्वाचक नामावली पुनरीक्षण-2026 के संबंध में जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। यह बैठक आयोग के निर्देशानुसार कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। इस दौरान 8 फरवरी 2026 तक प्राप्त दावे-आपत्तियों पर चर्चा हुई।
जिलाधिकारी ने बताया कि आलेख्य प्रकाशन के बाद 8 फरवरी 2026 तक प्राप्त दावे-आपत्तियों की प्रारूप-9, 10, 11, 11ए और 11बी की सूची ईआरओ नेट से डाउनलोड कर राजनीतिक दलों के साथ साझा की गई है। उन्होंने अवगत कराया कि यह सूची प्रतिदिन वेबसाइट ballia.nic.in के डीईओ पोर्टल पर अपलोड की जा रही है, जिसे आमजन भी देख सकते हैं। बैठक के दौरान अपलोडेड सूची को ऑन-स्क्रीन प्रदर्शित कर जानकारी दी गई।
उन्होंने जानकारी दी कि 7 जनवरी 2026 से 18 जनवरी 2026 तक कुल 80,602 फार्म-6, 1,349 फार्म-7 और 12,847 फार्म-8 प्राप्त हुए हैं। इस प्रकार अब तक कुल 94,802 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। विधानसभा क्षेत्र 357-बेल्थरा रोड (अ.जा.), 358-रसड़ा, 359-सिकंदरपुर, 360-फेफना, 361-बलिया नगर, 362-बांसडीह एवं 363-बैरिया से बड़ी संख्या में आवेदन प्राप्त हुए हैं।
बैठक में 'नो-मैपिंग' प्रकरणों की सुनवाई के दौरान आयोग द्वारा निर्धारित अभिलेख/साक्ष्य उपलब्ध कराने पर भी चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों से अपील की कि वे अपने-अपने बीएलए के माध्यम से 'नो-मैपिंग' वाले निर्वाचकों को जागरूक करें, ताकि पात्र मतदाताओं के नाम नियमानुसार निर्वाचक नामावली में बनाए रखे जा सकें।
उन्होंने यह भी अनुरोध किया कि जिन निर्वाचकों का नाम त्रुटिवश विलोपित हो गया हो, उनसे निर्धारित घोषणा पत्र के साथ फार्म-6 भरवाया जाए। फार्म-6 ऑनलाइन भरने की सुविधा voters.eci.gov.in पर उपलब्ध है। राजनीतिक दलों से अपेक्षा की गई कि वे अधिक से अधिक योग्य मतदाताओं को ऑनलाइन आवेदन के लिए प्रेरित करें तथा अपने बीएलए को भी फार्म-6 एवं घोषणा पत्र भरने की प्रक्रिया का प्रशिक्षण दिलाएं।
जिलाधिकारी ने विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 के तहत जारी नोटिसों की तामील और सुनवाई की कार्यवाही के संबंध में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से फीडबैक भी लिया। प्रतिनिधियों ने बताया कि संबंधित अधिकारियों द्वारा पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपादित की जा रही है। बैठक में एडीएम अनिल कुमार सहित विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।