देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। नगर स्थित सांई अस्पताल परिसर में गुरुवार को निःशुल्क आईवीएफ (इन विट्रो फर्टिलाइजेशन) कैंप का आयोजन किया गया। शिविर में 77 निसंतान महिलाओं की निःशुल्क जांच की गई, जिससे संतानहीनता की समस्या से जूझ रहीं महिलाओं को परामर्श और उपचार संबंधी मार्गदर्शन मिला।
अस्पताल की डायरेक्टर अनुपमा सिंह ने बताया कि कैंप में विशेषज्ञ चिकित्सक डा. आभा मिश्रा एवं डा. किरन कुमारी द्वारा महिलाओं की जांच कर आवश्यक
दवाएं और चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया गया। उन्होंने कहा कि निसंतानता एक गंभीर समस्या अवश्य है, लेकिन आधुनिक चिकित्सा पद्धतियों से इसका प्रभावी उपचार संभव है। आईवीएफ प्रक्रिया के तहत महिला के अंडाणु को शरीर से बाहर निकालकर पुरुष के शुक्राणु के साथ प्रयोगशाला में निषेचित किया जाता है। निषेचन के बाद बने भ्रुण को महिला के गर्भाशय में स्थापित किया जाता है, जहां से सामान्य गर्भावस्था की प्रक्रिया आगे बढ़ती है। डायरेक्टर अनुपमा सिंह ने बताया कि आईवीएफ उपचार की सफलता दर संतोषजनक है और अनेक दंपतियों को इससे लाभ मिल चुका है। उन्होंने महिलाओं से अपील की कि वे संकोच छोड़कर समय पर जांच और उपचार कराएं। कैंप में शामिल सभी 77 महिलाओं को आवश्यक जांच, परामर्श एवं दवाएं उपलब्ध कराई गईं। अस्पताल प्रबंधन की ओर से बताया गया कि प्रत्येक माह के अंत में निःशुल्क शिविर आयोजित कर जरूरतमंद महिलाओं को परामर्श व जांच की सुविधा दी जाती है। इस अवसर पर डॉ. आभा मिश्रा, डॉ. किरन कुमारी, योगेंद्र पांडे, विनय जायसवाल, कुसुम सिंह, सोल मौर्य, अहमद राजा, राजन सोनी आदि मौजूद रहीं।
