आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। जिले में खेल भावना और सौहार्द का शानदार नज़ारा उस समय देखने को मिला जब जर्नलिस्ट क्रिकेट टीम और जलालपुर पुलिस टीम के बीच मैत्री क्रिकेट मैच खेला गया। पराऊगंज स्थित ओमेगा पब्लिक स्कूल मैदान पर आयोजित इस मुकाबले में जर्नलिस्ट क्रिकेट टीम ने दमदार प्रदर्शन करते हुए जलालपुर पुलिस टीम को 62 रन से पराजित कर दिया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी जर्नलिस्ट क्रिकेट टीम के कप्तान राजन मिश्रा के फैसले को टीम ने पूरी तरह सही साबित किया। 12 ओवर के मैच में टीम ने मात्र 2 विकेट के नुकसान पर विशाल 240 रन का स्कोर खड़ा किया। ओपनिंग जोड़ी के रूप में उतरे शिवम उपाध्याय हरिया और सरस सिंह ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए मैदान के चारों ओर आकर्षक शॉट्स लगाए। शिवम उपाध्याय ने शानदार शतक जड़ते हुए 105 रन बनाए, जबकि सरस सिंह ने भी 100 रनों की बेहतरीन पारी खेली। आलोक सिंह ने 32 रन नाबाद रहकर बनाए, वहीं 3 रन अतिरिक्त के रूप में मिले।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी महेंद्र यादव की कप्तानी वाली जलालपुर पुलिस टीम शुरुआत से ही दबाव में नजर आई। हालांकि संजय प्रजापति ने एक छोर संभालते हुए शानदार 90 रन की पारी खेली, लेकिन अन्य बल्लेबाज अपेक्षित योगदान नहीं दे सके। पूरी टीम 12 ओवर में 8 विकेट खोकर 178 रन ही बना सकी।
गेंदबाजी में जर्नलिस्ट क्रिकेट टीम की ओर से आलोक सिंह ने 3 विकेट झटके, जबकि शिवम उपाध्याय और इमरान अब्बास ने 2-2 विकेट लिए। सुशील तिवारी को 1 विकेट मिला। हरफनमौला प्रदर्शन के लिए शिवम उपाध्याय हरिया को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया।
मैच के दौरान अंकित जायसवाल की बेहतरीन कमेंट्री ने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। पुरस्कार वितरण समारोह में कोच मोहम्मद अब्बास, संरक्षक पंकज भूषण मिश्रा और प्रभारी निरीक्षक जलालपुर गजानंद चौबे ने विजेता और उपविजेता टीम को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।
जर्नलिस्ट क्रिकेट टीम में अजीत सिंह, देवेंद्र खरे, सुशील तिवारी, राजन मिश्रा, आलोक सिंह, मसूद अहमद, इमरान अब्बास, शिवम उपाध्याय हरिया, शिवेंद्र प्रताप सिंह काजू, सरस सिंह, विवेक सिंह और अरशद अब्बास शामिल रहे। वहीं जलालपुर पुलिस टीम की ओर से महेंद्र यादव, संतोष मिश्रा, अरविंद कुमार, रजत पांडेय, अमन कुमार, अजीत कुमार, धीरेन्द्र निषाद, अभिषेक शर्मा, सुरेश सिंह, संजय प्रजापति और सरफराज कर्णधीर पाल ने मैदान संभाला।
पत्रकारों का उत्साह बढ़ाने के लिए पत्रकार संतोष राय और प्रदीप सिंह की उपस्थिति भी खास रही। यह मैत्री मैच खेल के माध्यम से आपसी भाईचारे और सहयोग की मिसाल बन गया।