देवल संवाददाता, मऊ। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशों के अनुपालन एवं प्रभारी जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष,जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मऊ बाकर शमीम रिजवी की अध्यक्षता में आमजन मानस को निःशुल्क विधिक सहायता एवं सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रदान करने के उद्देश्य से प्री-मेगा कैंप, विधिक जागरूकता शिविर का सफल आयोजन विकास भवन मऊ के सभागार में सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मऊ, साक्षी सिंह के कुशल मार्गदर्शन में संपन्न किया गया।जिला विकास अधिकारी उमेश चन्द्र तिवारी के प्रतिनिधित्व में शिविर में महिलाओं, बच्चों एवं वरिष्ठ नागरिक, दिव्यांग जन,अनुसूचित जाति/जनजाति, श्रमिक,किसान व अन्य वंचित वर्गों को संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं, निःशुल्क विधिक सहायता,लोक अदालत,पीड़ित प्रतिकर योजना, श्रम कानून,महिला एवं बाल संरक्षण कानून आदि योजना से लाभान्वित किये जाने के सम्बन्ध में उपस्थित अधिकारीगण को आवश्यक सुझाव प्रदान किया गया तथा विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में पात्र लाभार्थियों का चिन्हांकन कराकर आवेदन प्रक्रिया को पूर्ण करने में विधिक सहायता प्रदान करायी गई। शिविर के दौरान सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण,मऊ,साक्षी सिंह द्वारा बताया गया कि प्री-कैम्प के क्रम में आगामी दिनांक 22 फरवरी 2026 को कम्युनिटी हाल,नियर पुलिस अधीक्षक आफिस मऊ में मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का वृहद आयोजन किया जाएगा, जिसमें विभिन्न विभागों जैसे समाज कल्याण, महिला एवं बाल विकास,दिव्यांग सशक्तिकरण,श्रम, कृषि,स्वास्थ्य,राजस्व,बैंकिंग संस्थाएं,पुलिस,परिवहन,विद्युत आदि द्वारा स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी,पंजीकरण एवं समस्याओं का त्वरित निस्तारण कर आमजन मानस को लाभान्वित किया जायेगा। शिविर में निःशुल्क विधिक परामर्श,स्वास्थ्य जांच,पेंशन योजनाओं,बैंकिंग एवं ऋण के संबंध में मार्गदर्शन,आदि सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएगी।इस अवसर पर सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण साक्षी सिंह द्वारा समाज के कमजोर वर्गों को सशक्त बनाने तथा सभी को अपने अधिकारों का उपयोग करने के लिए आगे आने और मेगा कैम्प दिनांक 22 फरवरी 2026 को अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इसका लाभ उठाये जाने हेतु अपील की गई।