देवल संवाददाता, मऊ। विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम के दृष्टिगत आज जिलाधिकारी प्रवीण मिश्र ने विधानसभा क्षेत्र - 356 मऊ के मतदान केंद्र- 30 कंपोजिट विद्यालय ख्वाजा जहांपुर स्थित पांच बूथों का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस मतदान केंद्र पर बूथ संख्या 68,69,70,71 एवं 72 स्थित है। सभी बूथों पर बूथ लेवल अधिकारी मौजूद थे तथा संबंधित बूथों के वोटर लिस्ट भी मतदेय स्थल पर चश्पा पाए गए। इस दौरान जिला अधिकारी ने वहां पर नाम जुड़वाने अथवा संशोधन कराने हेतु आए लोगों से भी बातचीत की। कुछ सजग मतदाताओं ने ऑनलाइन प्रक्रिया से ही अपनी जानकारी इकट्ठा कर ली थी तथा बूथ पर वोटर लिस्ट में क्रास चेकिंग के लिए आए थे। उनसे भी जिलाधिकारी जी ने बात की तथा संबंधित मतदाताओं द्वारा दी गई जानकारी से प्रसन्न हुए। उन्होंने सजग मतदाताओं से अन्य लोगों को भी भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर मतदाता सूची में अपना नाम होने की जानकारी लेने तथा बूथों पर जाकर नाम जुड़वाने तथा आवश्यक संशोधन करवाने हेतु प्रेरित करने को कहा। उन्होंने समस्त बूथों पर फार्म संख्या 6,जो नए नाम जोड़ने हेतु भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित है,के बारे में भी जानकारी ली तथा उपस्थित लोगों एवं बूथ लेवल अधिकारियों को अधिक से अधिक नए मतदाताओं को जोड़ने के साथ ही महिला मतदाताओं की संख्या में भी अपेक्षित वृद्धि हेतु विशेष प्रयास करने को कहा। जिलाधिकारी ने बूथ लेवल अधिकारियों को निर्देश दिए कि उनके क्षेत्र का कोई भी पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में जोड़ने से ना छूटने पाए। सभी पात्र लोगों का नाम अवश्य ही मतदाता सूची में जोड़ें। इस दौरान उपजिला अधिकारी सदर अवधेश चौहान सहित निर्वाचन से जुड़े अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।