देवल संवाददाता, आज़मगढ़। जिले के अहरौला स्थित जनता इंटर कॉलेज परिसर में 22 फरवरी को प्रस्तावित मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। कार्यक्रम स्थल पर गुरुवार से व्यापक सफाई अभियान शुरू कर दिया गया है। इसी दौरान अहरौला–कप्तानगंज मार्ग के शिलान्यास का कार्यक्रम भी प्रस्तावित है।
मिली जानकारी के अनुसार, 23 जनवरी को महाराजा सुहेलदेव की जयंती पर कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने 22 फरवरी को अहरौला में समरसता रैली आयोजित किए जाने की घोषणा की थी। यह रैली जनता इंटर कॉलेज परिसर स्थित बाग में प्रस्तावित है, जिसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य के शामिल होने की संभावना है।
इसी कार्यक्रम के दौरान अहरौला–कप्तानगंज 21 किलोमीटर लंबे मार्ग का शिलान्यास भी किया जाना है। यह सड़क पिछले करीब 15 वर्षों से बदहाल स्थिति में है और बड़े-बड़े गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। सड़क निर्माण के लिए शासन स्तर से 58 करोड़ रुपये का बजट जारी किया जा चुका है।
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर एवं सुभासपा के मुख्य राष्ट्रीय प्रवक्ता अरुण राजभर ने 27 जनवरी को जनता इंटर कॉलेज परिसर का निरीक्षण किया था।
अरुण राजभर ने बताया कि 22 फरवरी को समरसता रैली प्रस्तावित है, जिसमें मुख्यमंत्री और दोनों उपमुख्यमंत्री शामिल हो सकते हैं। कार्यक्रम में करीब दो लाख लोगों के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही कार्यक्रम की आधिकारिक घोषणा कर दी जाएगी।