देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। नगर के न्यू कालोनी में एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए मजदूरों, महिलाओं, किशोरियों एवं किशोरों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत एक्शन एड की ओर से निशा कुरैशी ने सभी प्रतिभागियों के स्वागत के साथ की गई।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के उद्देश्य पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए बताया कि मजदूर पाठशाला का मुख्य उद्देश्य मजदूरों को उनके अधिकारों, श्रम कानूनों, सरकारी योजनाओं एवं सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी जानकारियों से अवगत कराना है, ताकि वे संगठित होकर अपने हक और अधिकार प्राप्त कर सकें। इस अवसर पर निशा कुरैशी ने केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। कमलेश कुमार ने वन अधिकार कानून (फॉरेस्ट राइट एक्ट) के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए भूमिहीन मजदूरों और वन क्षेत्र में रहने वाले समुदायों के अधिकारों पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में जास्मित युवा वॉलिंटियर द्वारा बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के संविधान पर आधारित विचारों को साझा किया गया। उन्होंने बताया कि बाबा साहेब ने किस प्रकार संविधान के माध्यम से अनुसूचित जाति, वंचित और शोषित वर्गों को समानता, न्याय और सम्मान का अधिकार दिलाया। साथ ही महिलाओं के अधिकारों, समानता, शिक्षा और सामाजिक न्याय से जुड़े संवैधानिक प्रावधानों पर विस्तार से चर्चा की गई। महिला सशक्तिकरण को लेकर बाबा साहेब के योगदान को रेखांकित करते हुए बताया कि संविधान महिलाओं को बराबरी का अधिकार और सुरक्षित जीवन का आधार प्रदान करता है। महिला विभाग से आईं नीतू सिंह एवं सीमा द्विवेदी ने महिलाओं एवं बालिकाओं के लिए संचालित सरकारी योजनाओं, महिला सशक्तिकरण कार्यक्रमों और विभागीय सुविधाओं की जानकारी दी। कंप्यूटर सेंटर से आए सलीम अहमद ने किशोरियों एवं किशोरों के लिए उपलब्ध विभिन्न कौशल विकास योजनाओं के बारे में बताया। मौके पर सीता देवी, कौशल्या, कलावती प्रभावती आदि मौजूद रहीं।
.jpeg)