देवल संवाददाता, गोरखपुर ।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि विरासत गलियारा के निर्माण कार्य को तेजी से पूरा कराएं। सड़क चौड़ीकरण में जिनकी जमीनें अधिग्रहित हो रही हैं, उन्हें मुआवजा मिल जाए और 15 नवंबर तक सारी रजिस्ट्री पूरी करा लें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गोड़धोइया नाला, हार्बर्ट बंधा फोरलेन और एचएन सिंह चौराहा से हड़हवा फाटक होकर गोरखनाथ तक बनने वाले फोरलेन को अतिशीघ्र पूरा कराएं।
सीएम योगी रविवार को गोरखनाथ मंदिर में विकास कार्यों की समीक्षा कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि विकास कार्यों को लक्ष्य के अनुसार निर्धारित समय में पूरा किया जाना चाहिए। तेजी से विकास कार्य को पूरा कराएं, लेकिन इस बात का ख्याल रखें कि जनता को असुविधाएं न होने पाए।
मुख्यमंत्री ने मंडलायुक्त, एडीजी, डीआईजी, जिलाधिकारी के साथ बैठक में विकास परियोजनाओं एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा की।
कहा कि पुलिस-प्रशासन की कार्यशैली ऐसी हो कि जनता संतुष्ट रहें। जन शिकायतों का निस्तारण में पारदर्शिता और निष्पक्षता होनी चाहिए। जो भी शिकायतें आ रही हैं, उनका निस्तारण गुणवत्ता पूर्ण हो। उन्होंने कहा कि अपराधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भू-माफिया सहित अन्य प्रकार के माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
