देवल संवाददाता, आजमगढ़।भारतीय जनता पार्टी आज़मगढ़ सदर के जिला कार्यालय पर जिलाध्यक्ष ध्रुव सिंह की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में आगामी सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम और पंचायत चुनाव की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने संगठन को दिशा देने वाले कई अहम बिंदुओं पर प्रकाश डाला। प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि 17 सितम्बर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस से लेकर 2 अक्टूबर गांधी जयंती तक सेवा पखवाड़ा मनाया जाएगा। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ता स्वास्थ्य शिविर, रक्तदान शिविर, स्वच्छता अभियान और ‘वोकल फॉर लोकल’ के तहत खादी व स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए जनजागरण अभियान चलाएंगे।
बैठक में पंचायत चुनाव और शिक्षक एमएलसी चुनाव को लेकर भी रणनीति बनाई गई। प्रदेश अध्यक्ष ने सभी पदाधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने बूथों की मतदाता सूची का गहन अवलोकन करें ताकि किसी भी समर्थक का नाम सूची से वंचित न रहे। भूपेंद्र सिंह चौधरी ने विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस समेत अन्य दलों की हताशा अब उनके बयानों में साफ झलक रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की माता के निधन पर कांग्रेस नेताओं द्वारा की गई अभद्र टिप्पणी न केवल अमानवीय है, बल्कि देश की करोड़ों माताओं का अपमान है। लोकतंत्र में ऐसी भाषा के लिए कोई स्थान नहीं है।
बैठक में क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय, विनोद राजभर, जसवंत सिंह, संतोष सिंह, सुनील गुप्ता, घनश्याम पटेल, अखिलेश मिश्रा गुड्डू, श्रीकृष्ण पाल, प्रेम प्रकाश राय, वंदना सिंह, देवेंद्र सिंह, सूरज प्रकाश श्रीवास्तव, लक्ष्मण मौर्य, हरिवंश मिश्रा, पवन सिंह मुन्ना, पूनम सिंह, राजेश सिंह महुआरी, विनय गुप्ता, नन्हकूराम सरोज, नागेन्द्र पटेल, आनंद सिंह सहित अनेक पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।