पूर्व भारतीय क्रिकेटर और 1983 वर्ल्ड कप विजेता मदन लाल ने दुबई में होने वाले एशिया कप (T20) खिताब की रक्षा के लिए भारत को प्रबल दावेदार बताया है। उन्होंने टीम के कौशल को श्रेय तो दिया ही, साथ ही फटाफट क्रिकेट की अनिश्चितता को भी स्वीकार किया। कलाई के स्पिनर कुलदीप यादव को प्लेइंग इलेवन में शामिल करने की वकालत भी की।
9 सितंबर से भारत की मेजबानी में एशिया कप का आगाज होगा। यूएई में यह टूर्नामेंट टी20 प्रारूप में खेला जाएगा। 10 सितंबर को भारत अपने अभियान का आगाज करेगा। 14 सितंबर को चिरप्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान की भिड़ंत होगी। भारत को ग्रुप-ए में जगह मिली है। इसमें यूएई, पाकिस्तान और ओमान शामिल है। इससे पहले पूर्व भारतीय क्रिकेटर मदन लाल ने बड़ा बयान दे दिया है।
चैंपियंस ट्रॉफी में भी किया है शानदार प्रदर्शन
पूर्व दाएं हाथ के तेज गेंदबाज ने टीम चयन खासकर कुलदीप यादव पर भी अपने विचार साझा किए। कुलदीप यादव ने भारत की टी20 टीम में आखिरी बार साउथ अफ्रीका के खिलाफ 2024 टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में खेला था। हाल ही में उन्हें इंग्लैंड के खिलाफ भारत के पांच टेस्ट मैच में से किसी में भी प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिली। हालांकि, चैंपियंस ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन के बाद उन्होंने व्हाइट बॉल क्रिकेट में वापसी की।
