आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। लाइन बाजार थाना क्षेत्र के एक नामी हॉस्पिटल के पास कंधरपुर गांव में सोमवार की सुबह करीब 6 बजे सुबह की सैर पर निकले एक शिक्षक को हौसलाबुलंद बाइक सवार बदमाशों ने गोली मार दी। शिक्षक ने बताया कि बदमाश उनकी सोने की चेन और ब्रेसलेट छीनने का प्रयास कर रहे थे और जब शिक्षक ने इसका विरोध किया तो बदमाशों ने गोली मार दी। हालांकि सोने की चेन लूटकर बदमाश फरार हो गए। दिनदहाड़े हो रही इस तरह की घटना से लोग यह चर्चा कर रहे हैं कि अब बदमाशों में पुलिस का खौफ नहीं रह गया है। फिलहाल घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
बताते हैं कि बक्शा विकासखण्ड के प्राथमिक विद्यालय उदपुर के प्रधानाध्यापक संतोष यादव सोमवार की सुबह करीब 6 बजे रोज की तरह सुबह की सैर पर निकले थे। पहले से ही ताक में रहे पल्सर सवार बदमाशों ने सुबह का सन्नाटा देख उनके गले से सोने की चेन खींची और फिर ब्रेसलेट छीनने लगे जब शिक्षक ने इसका विरोध किया तो तुरंत गोली मारकर फरार हो गए। गोली चलने की आवाज सुन आस पास के लोग मौके पर दौड़ पड़े। घटना जहां पर हुई वहां पर एक बड़ा हॉस्पिटल भी है। गोली शिक्षक के बाएं पैर में लगी है। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। इधर सूचना पर पहुंची पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे से भी सुरागरसी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही अपराधी पुलिस की गिरफ्त में होंगे। सीओ सिटी देवेश सिंह ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। फिलहाल दिनदहाड़े हुई इस घटना से लोगों में दहशत का माहौल है।