देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिन के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी के बैनर तले सेवा पखवाड़ा चलाया जा रहा है। इसी क्रम में रविवार को नगर के आरटीएस क्लब में सूचना विभाग के विकास प्रदर्शनी का घोरावल विधायक डा. अनिल कुमार मौर्य व सदर ब्लाक प्रमुख अजीत रावत ने अवलोकन किया।
विकास प्रदर्शनी में केंद्र सरकार की प्रमुख योजनाओं और उपलब्धियों को विस्तारपूर्वक प्रदर्शित किया गया है, जिसमें प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्जवला योजना, आयुष्मान भारत, जनधन योजना, किसान सम्मान निधि, स्टार्टअप इंडिया और डिजिटल इंडिया जैसी योजनाओं को विशेष स्थान दिया गया है। घोरावल विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का नेतृत्व देश के लिए नई उम्मीद और विकास का मार्ग लेकर आया है। आज हर योजना आम जन तक पहुंच रही है और देश आत्मनिर्भर बनने की दिशा में तेजी से बढ़ रहा है। यह प्रदर्शनी हमारी सरकार की पारदर्शिता और विकास के प्रति प्रतिबद्धता को दिखाती है। भाजपा अनुसूचित मोर्चा के क्षेत्रीय अध्यक्ष अजीत रावत ने कहा कि सेवा पखवाड़ा का उद्देश्य योजनाओं की जानकारी आम जन तक पहुंचाना और समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाना है। इस प्रदर्शनी के माध्यम से लोग सीधे लाभार्थियों की कहानियों और योजनाओं के प्रभाव को समझ पाएंगे। हम चाहते हैं कि हर व्यक्ति अपने अधिकारों और योजनाओं की जानकारी से अपने आप को जुड़ा महसूस करें। नगर अध्यक्ष विनय श्रीवास्तव और महिला अध्यक्ष पुष्पा सिंह ने कहा कि प्रदर्शनी का उद्देश्य केवल योजनाओं को दिखाना नहीं है, बल्कि आमजन को जागरूक करना और उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है। हम प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत के संकल्प को और मजबूती देने का प्रयास कर रहे हैं और उनकी लंबी उम्र और स्वस्थ जीवन की कामना करते हैं। कार्यक्रम में युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष कृष्णा पटेल, शाहगंज मंडल अध्यक्ष मनीष पटेल, राहुल सिंह पटेल, अभिषेक गुप्ता, राजन गुप्ता, राजेश बल्ला आदि मौजूद रहे।