देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। रामस्वरूप विश्वविद्यालय में आंदोलनरत छात्रों पर लाठीचार्ज की घटना से आक्रोशित अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने वृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट परिसर में विरोध प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा। इस दौरान उन्होंने उक्त विश्वविद्यालय में विधि पाठ्यक्रमों की अनियमितता, सामाजिक कल्याण भवनों पर अवैध कब्जा एवं कोर्ट के आदेश की अवहेलना किए जाने पर कड़ी आपत्ति दर्ज करायी। मांग की कि छात्रों पर लाठीचार्च करने वाले पुलिस कर्मियों सहित बाहरी गुंडों की पहचान कराकर उनके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए। इसके अलावा अभाविप के कार्यकर्ताओं ने बगैर बार काउंसिल ऑफ इंडिया से मान्यता लिए चलाए जा रहे
विधि पाठ्यक्रम को तत्काल बंद करने, छात्रों के लिए बने भवनों को निजी संस्थानों को दिए जाने की जांच कराने, कोर्ट के आदेशानुसार अवैध निर्माण को तत्काल हटाने की मांग किया।
प्रदेश सह मंत्री शशांक मिश्रा ने कहा कि जायज मांगों को लेकर विश्वविद्यालय में शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन कर रहे छात्रों की आवाज को दबाने के लिए पुलिस-प्रशासन ने उनके उपर बर्बरता पूर्वक लाठीचार्ज किया, जो निंदनीय है। कहा कि अखिल भारतीय छात्र संगठन के बैनर तले छात्रों के अधिकारों की रक्षा के लिए सड़क पर उतरकर पूरजोर आंदोलन किया जाएगा। विभाग संयोजक सौरभसिंह ने कहा कि रामस्वरूप विश्वविद्यालय में लगातार शैक्षणिक अनियमितताएं सामने आ रही हैं। विधि जैसे महत्वपूर्ण पाठ्यक्रम को बिना मान्यता के चलाना छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है, इस पर तत्काल रोक लगाया जाए। जिला संयोजक ललितेश मिश्रा ने कहा कि यदि हमारी मांगों को 48 घंटे में भीतर पूरा नहीं किया गया तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। इस मौके पर मनमोहन, अनमोल सोनी, सौरभ चौबे, मनीष पटेल, प्रिंस पटेल, अमन राज सिंह, अभय सिंह, आलोक सोनकर, हर्ष चौबे आदि मौजूद रहे।
.jpeg)