देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। उत्तर प्रदेश में बीजेपी की डबल इंजन की सरकार सिर्फ विकास का ढ़िढोरा पीट रही है, जबकि जमीनी हकीकत कुछ और ही है। इस सरकार में केवल लोक लुभावने वायदे किए जाते हैं। प्रदेश में विकास के नाम पर लूटतंत्र हावी है। भ्रष्टाचार के विरूद्ध जीरो टालरेंस की नीति पर कार्य करने वाली सूबे की भाजपा सरकार में हल्की सी बारिश होने पर भी लाखों रूपए की लागत से निर्मित सड़के गड्ढों में तब्दील हो जाती हैं। सड़क पर जगह-जगह जलभराव से आम जनता त्रस्त है। योगी सरकार भ्रस्टाचार का पर्याय बनकर रह गई है। यह बातें जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता शत्रुंजय मिश्रा ने कही।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के कुशासन और दमनात्मक कार्यवाही का आलम यह है कि 10 जुलाई को उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष / पूर्व मंत्री अजय राय के नेतृत्व में वाराणसी के जिला और शहर अध्यक्ष सहित तमाम कार्यकर्ताओं द्वारा जनहित की समस्याओं को लेकर निकाली गई पोलखोल यात्रा से क्षुब्ध भाजपा सरकार के इशारे पर सीगरा थाना पुलिस ने कांग्रेसियों पर मुकदमा पंजीकृत कर दिया। पुलिस ने प्रदेश अध्यक्ष अजय राय सहित तमाम नेताओं पर विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से कांग्रेसियों में आक्रोश है। कहा कि पुलिस की इस कार्रवाई को लेकर आगामी 14 जुलाई को जनपद मुख्यालय पर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। प्रदेश अध्यक्ष अजय राय सहित सभी कार्यकर्ताओं पर दर्ज फर्जी मुकदमा वापस नहीं लिया गया तो आंदोलन किया जाएगा। बताया कि पार्टी के जिलाध्यक्ष रामराज सिंह गोंड के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट पर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।