देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। विकसित कृषि संकल्प अभियान के अंतर्गत वृहस्पतिवार को सदर ब्लाक के ग्राम पंचायत बेठिगांव व लसड़ा के पंचायत भवन परिसर में किसानों की वैज्ञानिकों के साथ कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस दौरान किसानों को वैज्ञानिक तरीके से खेती कर अपनी आय बढ़ाने के लिए जागरूक किया गया।
आईआईवीआर वाराणसी के प्रधान वैज्ञानिक डा. सुदर्शन मौर्य ने किसानों को सब्जी के विभिन्न प्रजातियों के बारें में विस्तार से जानकारी दी। कहा कि जिन किसानों के पास अपना खेत नहीं हैं, वे खेतीबारी से जुड़कर लाभ ले सकते हैं। मशरूम की खेती घर से करके किसान अपनी आमदनी बढ़ा सकते हैं। वैज्ञानिक डा. केशव गौतम ने कहा कि क्षेत्र के तमाम किसान सब्जी की खेती कर रहे हैं। उन्होंने सब्जी की खेती करने और उसके बाद धान की खेती के दौरान बरते जाने वाली सावधानियों के बारें में जानकारी दी। कहा कि हरी खाद का प्रयोग कर किसान खेती लागत को कम कर सकते हैं। केवीके और कृषि विभाग के अधिकारियों ने मृदा स्वास्थ्य कार्ड के अनुसार उर्वरकों के प्रयोग आदि विषयों पर चर्चा किया। वर्मी कंपोस्ट के बारें में भी किसानों को समझाया गया। इस मौके पर कृषि वैज्ञानिक डा. एमपी सिंह, एडीओ एजी मो. इबराम, नेहा रानी, प्रधान प्रतिनिधि अनूप तिवारी, शिवशंकर चौबे, उपेंद्र मौर्य, पंचायत सहायक शिल्पा तिवारी, अमरनाथ, मदन प्रसाद आदि मौजूद रहे।