देवल संवाददाता, गोरखपुर ।बाबा साहब भीमराव अंबेडकर की स्थापित मूर्ति को हटाने गई बांसी तहसील और बांसी पुलिस प्रशासन संग स्थानीय लोगों की झड़प हो गई। मौके पर गई पुलिस और राजस्व कर्मियों की टीम पर वहां मौजूद ग्रामीणों ने पथराव कर दिया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। हालांकि अमर उजाला वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
वायरल वीडियो में ग्रामीण पथराव करते हुए और पुलिस हल्का बल प्रयोग करते नजर आ रही है। पथराव में बांसी नायब तहसीलदार सहित कुछ अन्य पुलिस कर्मियों को हल्की चोटें भी आई हैं। घंटों मशक्कत के बाद पुलिस और तहसील प्रशासन स्थापित मूर्ति को वहां से हटाकर अपने साथ लेते गई।
बांसी तहसील क्षेत्र के समोगरा गांव का मामला बताया जा रहा है। समोगरा गांव में निजी जमीन पर कुछ ग्रामीणों ने बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की मूर्ति स्थापित की थी। इस घटना से क्षेत्र के एक विशेष वर्ग में आक्रोश हो गया था। तहसील प्रशासन का कहना है कि बिना सूचना या अनुमति के इस मूर्ति को स्थापित किया गया था, जबकि मूर्ति नियम के तहत किसी भी महान पुरुष या कोई भी मूर्ति स्थापित करने से पहले प्रशासन की स्वीकृति लेना अनिवार्य है।