यमन और जिबूती के तटवर्ती जलक्षेत्र में चार प्रवासी नौकाएं पलट गईं, जिससे दो लोगों की मौत हो गई और 186 लोग लापता हो गए। संयुक्त राष्ट्र माइग्रेशन एजेंसी ने इसकी जानकारी दी।
माइग्रेशन मामलों के अंतरराष्ट्रीय संगठन के प्रवक्ता तमीम इलियान ने बताया कि गुरुवार को यमन के तट पर दो बोट पलट गईं। उन्होंने समाचार एजेंसी को बताया कि दो चालक दल के सदस्यों को बचा लिया गया, लेकिन 181 प्रवासी और 5 यमनी चालक दल के सदस्य लापता हैं।
जिबूती में भी पलटी नाव
तमीम ने कहा कि लगभग उसी समय छोटे से अफ़्रीकी देश जिबूती के तट पर दो अन्य नौकाएं पलट गईं। दो प्रवासियों के शव बरामद किए गए और नाव पर सवार सभी लोगों को बचा लिया गया।
आईओएम के अनुसार, 2024 में लाल सागर और अदन की खाड़ी को पार करके अफ़्रीका से यमन तक जाने वाले कई प्रवासियों द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले मार्ग पर 558 लोगों की मौत हो चुकी है।
पहले भी हुई हैं घटनाएं
अभी कुछ महीने पहले अफ्रीकी देश कॉन्गो में नाव पलटने की घटना सामने आई थी। जांच में सामने आया था कि बोट पर उसकी कैपेसिटी से ज्यादा लोग सवार थे। नाव पर सवार 100 में से 50 लोगों की मौत हो गई थी।
इसी साल जनवरी में पश्चिम अफ्रीका से स्पेन जा रही नाव भी पलट गई थी। इसमें सवार 50 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई थी। नाव हादसे के 13 दिन पहले रास्ता भटक गई थी। नाव में सवार करीब 36 लोगों को बचा लिया गया था।