देवल संवाददाता, आजमगढ़।रौनापार थाना क्षेत्र के बाढू का पूरा गांव में गुरुवार को बटवारा के विवाद में दो पक्ष में जम कर मारपीट हो गई। एक पक्ष ने लाठी-डंडा और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हमले में युवती समेत तीन लोग घायल हो गए। रौनापार थाना क्षेत्र के बाढू का पूरा गांव निवासी लालचंद यादव के घर में शादी थी, बुधवार को बहू भोज था। उनका विपक्षी से जमीन बटवारा का विवाद चलता है। बुधवार को दोनों पक्ष में विवाद हो गया। गुरुवार की सुबह में भी दोनों पक्ष आमने-सामने हो गए। बटवारा के विवाद को लेकर गाली गलौज होने लगी। इस दौरान दूसरे पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडा और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। कुल्हाड़ी के हमले से अनीता पुत्री लालचंद घायल हो गई। इसके अलावा हमले में निर्मला पुत्री लालचंद और धर्मेंद्र भी घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल अनीता को बिलरियागंज स्थित सीएचसी में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच की।
