कृष्ण कुमार तिवारी ब्यूरो चीफ अंबेडकर नगर दैनिक देवल | राष्ट्रीय लोक अदालत शनिवार को 50321 मुकदमों का निस्तारण कराने में सफल हुई। 10 उपभोक्ताओं को 1556372 रुपये की क्षतिपूर्ति दिलवाई गई जबकि बैंकों ने लगभग पौने दो करोड़ रुपये समझौते के तौर पर वसूल किया।जनपद न्यायालय परिसर में राष्ट्रीय लोक अदालत का शुभारंभ जनपद न्यायाधीश व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अध्यक्ष रामसुलीन सिंह ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। पुराने कचहरी परिसर में राष्ट्रीय लोक अदालत का शुभारंभ पारिवारिक न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश अनिल कुमार सिंह प्रथम ने किया। इसके बाद कुल 12 अदालतें लगाई गईं। इनमें एक-एक कर मुकदमों का तेजी से निस्तारण हुआ। स्थायी लोक अदालत अध्यक्ष अब्दुल कय्यूम ने एक, जबकि पारिवारिक न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश ने 16 मामलों का निस्तारण किया। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सुधा यादव ने सबसे अधिक 5007 मामलों का निपटारा करते हुए पौने दो लाख रुपये अर्थदंड लगाया। सिविल जज सीनियर डिवीजन ज्योत्सना मणि ने 202, जबकि अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट गार्गी ने 812 मामलों का निपटारा किया। सिविल जज जूनियर डिवीजन मेघा चौधरी ने तीन सौ मामलों का निपटारा किया। सिविल जज जूनियर डिवीजन टांडा अभिषेक सिंह ने 658 मामलों का निस्तारण कर 10 लाख रुपये से अधिक का उत्तराधिकार प्रमाणपत्र जारी किए।अपर जिला जज भारतेंदु प्रकाश गुप्त ने बताया कि जनपद न्यायालय में 7122 वाद, राजस्व न्यायालयों में 15710 वाद, बिजली विभाग ने 4100, अन्य राजकीय विभागों ने 20757 मामले निपटाए। बैंकों की तरफ से 832 प्रकरण का निपटारा किया गया। लोक अदालत में न्यायिक अधिकारियों रामबिलास सिंह, मोहन कुमार, सुशील कुमार, परविंद कुमार, राजन राठी, जान्हवी वर्मा के अलावा कई विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।