शिवराज सिंह चौहान को मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री नहीं बनाए जाने के बाद से ही कयास लगाए जाने लगे थे कि पार्टी उन्हें केंद्रीय राजनीति में लेकर जाएगी। इसके बाद विदिशा लोकसभा सीट से उन्हें प्रत्याशी बनाए जाने पर इस बात को और बल मिला। खुद पीएम मोदी ने संकेत दिया है कि उन्हें राष्ट्रीय राजनीति में अहम भूमिका दी जा सकती है।मध्य प्रदेश भाजपा के कद्दावर नेता और प्रदेश में सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहने का रिकॉर्ड बनाने वाले शिवराज सिंह चौहान अब राष्ट्रीय राजनीति में अपना दमखम दिखा सकते हैं। हाल ही में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी इसके संकेत दिए थे।पीएम मोदी ने मध्य प्रदेश के हरदा में आयोजित एक चुनावी रैली में कहा था कि अब वह शिवराज सिंह चौहान को दिल्ली ले जाना चाहते हैं। इसके बाद से ही उन्हें राष्ट्रीय राजनीति में अहम रोल दिए जाने के कयास लग रहे हैं। पीएम ने शिवराज सिंह की प्रशंसा भी की थी और कहा था कि दोनों ने पार्टी संगठन और फिर मुख्यमंत्री रहते हुए एक साथ काम किया था।गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव में भाजपा ने शिवराज सिंह को विदिशा संसदीय क्षेत्र से चुनावी मैदान में उतारा है। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री बनने से पहले वह पांच बार इस सीट से सांसद रह चुके हैं। पारंपरिक तौर पर यह सीट भाजपा का गढ़ मानी जाती है, जहां से अटल बिहारी वाजपेयी एवं सुषमा स्वराज जैसे दिग्गज भाजपा नेता संसद चुनकर जा चुके हैं।